हिंदी
निक्की भाटी और उसके पति विपिन भाटी
Noida: ग्रेटर नोएडा के सिरसा गांव में रहने वाली 25 वर्षीय निक्की भाटी की कथित रूप से दहेज के लिए हत्या कर दी गई। आरोप है कि उसके पति विपिन भाटी और ससुराल वालों ने उसे पहले बुरी तरह पीटा और फिर जिंदा जला दिया। घटना बृहस्पतिवार रात की है और इसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।
निक्की की मौत के बाद पड़ोसियों द्वारा किए गए खुलासों ने मामले को नया मोड़ दे दिया है। कुछ स्थानीय लोगों ने दावा किया कि निक्की और उसकी बहन कंचन की सोशल मीडिया गतिविधियां और ब्यूटी पार्लर चलाना उनके पतियों को रास नहीं आता था। दोनों बहनें एक ही परिवार में शादीशुदा थीं और घर की तीसरी मंज़िल पर ब्यूटी पार्लर चलाती थीं। वे इंस्टाग्राम पर मेकओवर से जुड़ी रील्स पोस्ट करती थीं, जिसे लेकर उनके पतियों विपिन और रोहित भाटी को आपत्ति थी।
एक पड़ोसी ने कहा, दोनों बहनें सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव थीं। लेकिन उनके पति रील्स को लेकर नाराज़ रहते थे। यही बात उनके बीच अक्सर तनाव का कारण बनती थी।
निक्की भाटी हत्याकांड के सच्चाई की तलाश में उलझा मामला
स्थानीय निवासी ऋषभ ने बताया कि 11 मार्च को इसी मुद्दे को लेकर दोनों बहनों और उनके पतियों के बीच गंभीर झगड़ा हुआ था। इसके बाद बहनें मायके चली गईं। हालांकि 18 मार्च को पंचायत के निर्णय के बाद वे फिर से ससुराल लौट आईं। पंचायत में यह तय हुआ था कि वे आगे सोशल मीडिया पर रील नहीं बनाएंगी। कुछ समय तक यह समझौता चला, लेकिन बाद में रील्स फिर से शुरू हो गईं और इसी को लेकर तनाव और बढ़ा।
हालांकि निक्की के परिवार ने इन दावों को सिरे से नकार दिया है। उसके पिता भिकारी सिंह ने कहा, निक्की की हत्या के पीछे केवल और केवल दहेज की मांग थी। सोशल मीडिया या ब्यूटी पार्लर से कोई लेना-देना नहीं है। निक्की के भाई अतुल ने भी यही दोहराया। उसने कहा, अगर रील्स या पार्लर कोई मुद्दा था तो उसे मारने की जरूरत क्यों पड़ी? अगर ससुराल वाले निर्दोष हैं तो अस्पताल ले जाने के बाद भागे क्यों?
अतुल ने आरोप लगाया कि उनकी बहन लंबे समय से दहेज उत्पीड़न का शिकार थी और ससुराल वाले आए दिन पैसों की मांग करते थे। निक्की के एक और भाई ने बताया कि विपिन को जब पुलिस ने भागने के प्रयास में गोली मारी, तब भी उसके चेहरे पर किसी प्रकार की पश्चाताप या डर नहीं था। उन्होंने कहा, वो बिल्कुल बेपरवाह था, जैसे कुछ हुआ ही न हो।
फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है। कई बयान लिए जा चुके हैं और डिजिटल सबूतों को भी खंगाला जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर सख्त कार्रवाई की बात कही जा रही है।
Location : Noida
Published : 26 August 2025, 11:52 AM IST
Topics : crime news Nikki Bhati Case noida news UP News