हिंदी
अवैध शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार (इमेज सोर्स-इंटरनेट)
Muzaffarnagar: जनपद में थाना नई मंडी पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने हरियाणा से उत्तराखंड ले जाई जा रही करीब 150 पेटी अवैध शराब बरामद करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब साढ़े सात लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे ट्रक को भी कब्जे में ले लिया है।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि पुलिस को एक टिपऑफ मिला था, जिसके बाद थाना नई मंडी पुलिस सक्रिय हुई। पहले दर्ज मुकदमे और शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी।
शिकायत में रहीश नाम के व्यक्ति ने आरोप लगाया था कि कुछ लोग उसकी गाड़ी का दुरुपयोग कर रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने इंटेलिजेंस जुटाई, जिसमें जानकारी मिली कि संदिग्ध वाहन उत्तराखंड की तरफ जा रहा है।
सूचना पुख्ता होने पर थाना नई मंडी पुलिस, सीओ मंडी और आबकारी विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। तलाशी के दौरान ट्रक से भारी मात्रा में देसी और अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस के अनुसार पकड़ी गई शराब में हरियाणा मार्का देसी शराब के साथ 21 पेटी नाइट ब्लू अंग्रेजी शराब और संतरा ब्रांड की शराब शामिल है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजेंद्र के रूप में हुई है, जो मूल रूप से पंजाब का रहने वाला बताया जा रहा है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि शराब सोनीपत से अवैध रूप से उत्तराखंड ले जाई जा रही थी। पुलिस के मुताबिक उत्तराखंड में शराब की कीमत बढ़ने से तस्करों को प्रति पाउच 10 से 15 रुपये तक का अतिरिक्त लाभ मिलता है।
एसएसपी ने बताया कि इस मामले में दो और लोगों के नाम आए हैं, जिनमें एक दिल्ली और दूसरा मुजफ्फरनगर का रहने वाला है। दोनों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा
पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।
Location : Muzaffarnagar
Published : 5 July 2026, 4:55 AM IST