Muzaffarnagar News: मुजफ्फरनगर में किसानों ने खोली अव्यवस्थाओं की पोल, जानिये पूरा अपडेट

“किसी भी कीमत पर नहीं लगेगा स्मार्ट मीटर!” मुजफ्फरनगर में किसानों की इस बड़ी चेतावनी के पीछे का क्या है असली कारण? सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार और गैस की किल्लत पर आखिर क्यों भिड़ गए किसान और अधिकारी? पूरी खबर यहाँ देखें।

Post Published By: Sapna Srivastava
Updated : 18 March 2026, 6:21 PM IST
google-preferred

Muzaffarnagar: मुजफ्फरनगर में जिला पंचायत सभागार में आयोजित किसान दिवस कार्यक्रम उस समय हंगामेदार हो गया, जब किसानों ने अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर जोरदार विरोध दर्ज कराया। कार्यक्रम एडीएम प्रशासन की मौजूदगी में आयोजित किया गया, जहां बड़ी संख्या में किसान अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे।

फैक्ट्री प्रदूषण को लेकर गहरी नाराजगी

किसानों ने क्षेत्र में फैक्ट्रियों से फैल रहे वायु प्रदूषण को लेकर कड़ा विरोध जताया। उनका कहना था कि प्रदूषण विभाग के अधिकारी केवल कागजी कार्रवाई कर रहे हैं और वास्तविक स्तर पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा। किसानों ने आरोप लगाया कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है, जिससे फसलों और स्वास्थ्य दोनों पर बुरा असर पड़ रहा है।

पांच महीने में टूटी सड़क, जांच की मांग

किसानों ने शेरपुर गांव की सड़क का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उनका कहना था कि यह सड़क कुछ महीने पहले ही बनाई गई थी, लेकिन मात्र पांच महीने के भीतर ही खराब हो गई। इस पर किसानों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए जांच की मांग की। साथ ही जनपद की अन्य टूटी सड़कों की मरम्मत कराने की मांग भी लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से की गई।

सिंचाई विभाग पर भी उठे सवाल

किसानों ने सिंचाई विभाग की कार्यशैली पर भी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा समय पर उचित व्यवस्था नहीं की जा रही, जिससे खेती पर असर पड़ रहा है। किसानों ने संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

गंगा के बीच हुई इफ्तार पार्टी को लेकर विवाद, सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कही ये बड़ी बात

गैस की किल्लत और गलत बुकिंग से परेशानी

कार्यक्रम में रसोई गैस से जुड़ी समस्याएं भी प्रमुखता से उठाईं गईं। किसानों ने कहा कि उन्हें समय पर गैस उपलब्ध नहीं हो रही है और कीमतों को लेकर भी परेशानी है। कुछ किसानों ने यह भी आरोप लगाया कि बिना बुकिंग किए ही उनके नाम पर गैस सिलेंडर बुक हो जा रहे हैं, जो एक गंभीर समस्या है। उन्होंने इस पूरे मामले की जांच कराने की मांग की।

स्मार्ट मीटर के विरोध में किसान

किसानों ने साफ कहा कि वे किसी भी कीमत पर स्मार्ट मीटर नहीं लगने देंगे। उनका कहना था कि इससे उनकी आर्थिक स्थिति पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा और वे पहले से ही कई समस्याओं से जूझ रहे हैं।

कई किसान नेता और अधिकारी रहे मौजूद

इस दौरान भाकियू जिला अध्यक्ष नवीन राठी, नीरज पहलवान, सुमित चौधरी, डब्बू चौधरी, मोनू प्रधान, राजवीर, रमेश, राजकुमार सहित कई किसान नेता मौजूद रहे। साथ ही जिला कृषि अधिकारी राहुल तेवतिया समेत अन्य विभागों के अधिकारी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

UP Crime: बदायूं में किशोरी से हैवानियत, नशीली चाय पिलाकर किया ये हाल

समस्याओं के समाधान की उठी मांग

किसानों ने एक सुर में अपनी समस्याओं के जल्द समाधान की मांग की और चेतावनी दी कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो वे आगे बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

Location : 
  • Muzaffarnagar

Published : 
  • 18 March 2026, 6:21 PM IST

Advertisement