महिला को बनाया ढाल, लेकिन बच नहीं पाए… 10 लाख के गांजे के साथ ऐसे खुला तस्करी का बड़ा खेल

मुजफ्फरनगर पुलिस की कार्रवाई में गांजा तस्करी के ऐसे तरीके सामने आए हैं, जिन्होंने जांच टीम को भी चौंका दिया। कार, महिला और गुप्त खानों के जरिए चल रहे इस नेटवर्क का बड़ा हिस्सा पुलिस के हाथ लगा है।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 13 July 2026, 7:31 PM IST
google-preferred

Muzaffarnagar: मुजफ्फरनगर पुलिस ने गांजा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए करीब 10 लाख रुपये कीमत का गांजा, एक आई-10 कार और चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जांच में ऐसे तरीके सामने आए हैं, जिन्हें जानकर हर कोई हैरान रह जाएगा। आरोप है कि तस्कर महिला की मौजूदगी और कार में बनाए गए गुप्त खानों का इस्तेमाल कर पुलिस की नजरों से बचते हुए कई राज्यों में नशे की खेप पहुंचाते थे। फिलहाल इस नेटवर्क के दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

मुखबिर की सूचना पर बिछाया जाल

पुलिस के अनुसार, मुखबिर से मिली सूचना के बाद एसओजी, सर्विलांस टीम और थाना सिविल लाइन पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया। टीम ने संदिग्ध आई-10 कार को ट्रैक कर रोक लिया। तलाशी के दौरान कार से बड़ी मात्रा में गांजा बरामद हुआ, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है। कार में सवार मिथिलेश, रोहित, संदीप और ममता यादव नाम की महिला को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बरामद गांजे को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।

ये भी पढ़ें- Maharajganj: एक डुबकी और फिर नहीं लौटे… 24 घंटे बाद घोंघी नदी ने लौटाया मकालू यादव का शव 

कई राज्यों में होती थी सप्लाई

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे मध्य प्रदेश से गांजा खरीदकर उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा और पंजाब सहित कई राज्यों में सप्लाई करते थे। पुलिस के मुताबिक, मध्य प्रदेश में गांजा करीब छह हजार रुपये प्रति किलो की दर से खरीदा जाता था और दूसरे राज्यों में इसे कई गुना अधिक कीमत पर बेचकर मोटा मुनाफा कमाया जाता था। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी किसी संगठित नेटवर्क के लिए काम कर रहे थे और हर खेप सफलतापूर्वक पहुंचाने पर उन्हें तय रकम दी जाती थी।

महिला की मौजूदगी का भी उठाते थे फायदा

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि तस्करों ने कार में विशेष गुप्त खाने (हिडन कम्पार्टमेंट) बनवा रखे थे, जिनमें गांजा छिपाकर ले जाया जाता था। इससे सामान्य जांच के दौरान नशे की खेप पकड़ में नहीं आती थी। पुलिस का यह भी कहना है कि कार में महिला की मौजूदगी का इस्तेमाल भी चेकिंग के दौरान शक कम करने के लिए किया जाता था। हालांकि पुलिस की सतर्कता के चलते इस बार पूरा नेटवर्क बेनकाब हो गया।

ये भी पढ़ें- अब चुप नहीं बैठेंगे… चढ़ावा चोरी और पेपर लीक पर कांग्रेस का बड़ा प्रदर्शन, महराजगंज में सड़कों पर उतरे हजारों लोग

सरगना समेत दो आरोपी अब भी फरार

जांच में 'राजा' नाम के एक कथित सरगना का भी नाम सामने आया है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में दो आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। अधिकारियों को उम्मीद है कि जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा हो जाएगा। एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि गिरफ्तार चारों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

Location :  Muzaffarnagar

Published :  13 July 2026, 7:31 PM IST

Advertisement