बेटे को बचाने पहुंची मां को बदमाशों ने कार से कुचला, मौत के बाद ग्रामीणों ने किया हाईवे जाम

दायूं के मुजरिया थाना क्षेत्र में दुकानदार पर हमले के बाद उसकी मां की मौत का मामला सामने आया है। आरोप है कि हमलावरों ने महिला को कार से कुचल दिया। घटना के बाद ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर बदायूं-मेरठ हाईवे जाम कर दिया...

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 5 October 2026, 7:22 PM IST
google-preferred

Budaun News: बदायूं में देर रात एक ऐसी वारदात सामने आई, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। दुकान पर पहुंचे पांच लोगों पर दुकानदार के साथ मारपीट करने और उसकी मां को कार से कुचलने का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि बेटे को बचाने के लिए महिला मौके पर पहुंची थी, लेकिन इसी दौरान वह कार की चपेट में आ गई और उसकी मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर बदायूं-मेरठ हाईवे पर जाम लगा दिया।

दुकान पर पहुंचे पांच लोगों ने किया हमला

मामला मुजरिया थाना क्षेत्र के गांव कोल्हाई का है। 4 अक्टूबर की रात करीब साढ़े नौ बजे दुकानदार राजेंद्र पाल अपनी दुकान पर थे। आरोप है कि इसी दौरान पांच लोग वहां पहुंचे और राजेंद्र पाल के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित पक्ष का कहना है कि आरोपियों ने लात-घूंसों के साथ धारदार हथियार से भी हमला किया। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

बेटे को बचाने पहुंची मां, कार की चपेट में आई

बताया जा रहा है कि राजेंद्र पाल को पिटता देखकर उनकी मां उन्हें बचाने के लिए मौके पर पहुंचीं। आरोप है कि इसी दौरान हमलावरों ने कार से महिला को कुचल दिया। कार की चपेट में आने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई। पीड़ित पक्ष ने हमलावरों पर 50 हजार रुपये छीनने का भी आरोप लगाया है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

मुकदमा दर्ज, आरोपों की जांच में जुटी पुलिस

राजेंद्र पाल की तहरीर के आधार पर मुजरिया थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में लगाए गए सभी आरोपों की जांच की जा रही है। पुलिस घटनास्थल से जुड़े तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।

शव गांव पहुंचते ही भड़का ग्रामीणों का गुस्सा

पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद जब मृतका का शव गांव पहुंचा तो माहौल तनावपूर्ण हो गया। ग्रामीणों में घटना को लेकर काफी नाराजगी देखने को मिली। ग्रामीण आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर बदायूं-मेरठ हाईवे पर बैठ गए। देखते ही देखते हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात प्रभावित हो गया। सूचना मिलने पर सीओ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को आरोपियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद ग्रामीणों ने हाईवे से हटकर जाम खोल दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपों की पुष्टि के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Location :  Budaun

Published :  5 October 2026, 7:22 PM IST

Advertisement