हिंदी
पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर (Image Source: Dynamite News)
Pratapgarh: बेल्हा में अपराधियों पर नजर रखने और कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस प्रशासन का ऑपरेशन त्रिनेत्र तेजी से सक्रिय किया गया है। अभियान के तहत जिले के प्रमुख चौराहों, बाजारों और संवेदनशील स्थानों को हाईटेक CCTV कैमरों की निगरानी में लाया गया है।
पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में अब तक शहर और तहसील मुख्यालयों के प्रमुख स्थानों पर करीब 9024 हाईटेक CCTV कैमरे लगाए जा चुके हैं। इन कैमरों से दिन के साथ रात में भी साफ तस्वीरें रिकॉर्ड की जा सकती हैं।
जिला मुख्यालय के अंबेडकर चौराहा, टेजरी चौराहा, पीडब्ल्यूडी चौराहा, भंगवाचुंगी, स्टेशन रोड, चौक बजाजा, सदर, चिलबिला, राजापाल टंकी, पुलिस लाइन और मीराभवन चौराहा समेत कई प्रमुख स्थानों को कैमरों से कवर किया गया है। इसके अलावा सदर, लालगंज, कुंडा, रानीगंज और पट्टी तहसील मुख्यालयों के महत्वपूर्ण स्थान भी निगरानी के दायरे में हैं।
ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत लगाए गए कैमरों की निगरानी दो स्तरों पर की जा रही है। कैमरों का फीड संबंधित थानों को उपलब्ध कराया गया है। इसके साथ ही सभी प्रमुख कैमरों को जिला मुख्यालय स्थित केंद्रीय कंट्रोल रूम से भी जोड़ा गया है।
कंट्रोल रूम में पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है, जो 24 घंटे कैमरों से मिलने वाले फुटेज पर नजर रखते हैं। किसी इलाके में संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर पुलिस टीम तत्काल कार्रवाई कर सकती है।
पुलिस का कहना है कि तकनीक आधारित निगरानी से शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी। कैमरों की मौजूदगी से अपराधियों पर निगरानी बढ़ने के साथ घटनाओं के बाद जांच के लिए महत्वपूर्ण फुटेज भी उपलब्ध हो सकेगा।
एसपी दीपक भूकर के मुताबिक हाईटेक CCTV कैमरों का नेटवर्क अपराध नियंत्रण के साथ-साथ वारदातों के खुलासे में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। किसी घटना के बाद पुलिस कैमरों की रिकॉर्डिंग की मदद से संदिग्धों की पहचान और उनकी गतिविधियों का पता लगा सकेगी।
चोरी, छेड़खानी और अन्य आपराधिक घटनाओं के अलावा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी निगरानी रखी जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि CCTV नेटवर्क मजबूत होने से अपराधियों की पहचान और साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया तेज होगी।
ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत लगाए गए कैमरों से व्यापारिक क्षेत्रों और सार्वजनिक स्थानों की सुरक्षा भी बढ़ी है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि तकनीक और लगातार निगरानी के जरिए जिले में कानून व्यवस्था को और मजबूत करने का प्रयास जारी रहेगा।
Location : Pratapgarh
Published : 5 October 2026, 7:00 PM IST