पति-बच्चों को छोड़कर प्रेमी संग गई महिला का गुजरात में मिला शव, 27 दिन बाद DNA से हुई पहचान

फिरोजाबाद की विवाहिता पूजा की गुजरात के कच्छ में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जानकारी के अनुसार करीब चार महीने पहले वह पड़ोसी युवक के साथ घर से चली गई थी। सात सितंबर को उसका शव हाईवे किनारे मिला। पहचान नहीं होने पर गुजरात पुलिस ने शव 27 दिन फ्रीजर में रखा और फिर DNA जांच के बाद शव परिजनों को सौंपा गया।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 5 October 2026, 4:37 PM IST
google-preferred

Firozabad: उत्तर प्रदेश में शिकोहाबाद के नगला बलुआ गांव की रहने वाली विवाहिता पूजा की गुजरात के कच्छ में मौत के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। करीब चार महीने पहले वह अपने बच्चों और पति को छोड़कर पड़ोसी युवक के साथ घर से चली गई थी। अब उसका शव गुजरात के बरसोवा थाना क्षेत्र में हाईवे किनारे मिला है। पहचान नहीं होने के कारण गुजरात पुलिस ने शव को करीब 27 दिन तक फ्रीजर में सुरक्षित रखा।

पूजा का पति लक्ष्मण फिरोजाबाद में चूड़ी कारखाने में मजदूरी करता है और काम के सिलसिले में अक्सर घर से बाहर रहता था। इसी दौरान ट्रक चालक एक युवक का महिला के घर आना-जाना शुरू हुआ। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं। करीब चार महीने पहले पूजा अपने बच्चों को छोड़कर युवक के साथ चली गई थी।

स्थानीय पुलिस ने महिला को बरामद भी किया था, लेकिन बाद में वह पति के साथ रहने के बजाय उसी युवक के साथ चली गई।

शव की पहचान के लिए कराया गया DNA टेस्ट

सात सितंबर को गुजरात के कच्छ क्षेत्र में बरसोवा थाना क्षेत्र के एक खेत में महिला का शव मिलने से पुलिस में हड़कंप मच गया। शव की तत्काल पहचान नहीं हो सकी। गुजरात पुलिस ने शव को सुरक्षित रखने के लिए फ्रीजर में रखवा दिया और पहचान के प्रयास शुरू किए।

जांच के दौरान पुलिस को महिला के पति के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद स्थानीय पुलिस की मदद से पति और बच्चों को गुजरात बुलाया गया। पुलिस ने उनके DNA नमूने लिए और शव से मिले नमूनों के साथ उनका मिलान कराया।

Pratapgarh Crime: महिला की मौत के बाद बाजार बंद, SDM के आश्वासन पर अंतिम संस्कार को माने परिजन

DNA रिपोर्ट में महिला की पहचान पूजा के रूप में होने की पुष्टि हुई। इसके बाद गुजरात पुलिस ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव उसके पति और परिजनों को सौंप दिया। शनिवार रात स्थानीय पुलिस की मौजूदगी में गांव में शव का अंतिम संस्कार किया गया।

आरोपी युवक की तलाश में गांव पहुंची गुजरात पुलिस

महिला की मौत की जांच को आगे बढ़ाते हुए गुजरात पुलिस की टीम रविवार को शिकोहाबाद पहुंची। आडेसर थाने के उपनिरीक्षक एचवी कांतरिया के नेतृत्व में तीन पुलिसकर्मी स्थानीय पुलिस के साथ नगला बलुआ गांव पहुंचे।

टीम ने पूजा के पति और अन्य परिजनों से पूछताछ कर मामले से जुड़ी जानकारी जुटाई। इसके बाद पुलिस ने उस युवक की तलाश शुरू की, जिसके साथ पूजा चार महीने पहले घर से गई थी। गुजरात पुलिस ने आरोपी युवक की तलाश में गांव और आसपास के कई संभावित ठिकानों पर दबिश दी।

चोरी की पोल खुली तो पति-पत्नी को कुल्हाड़ी से काट डाला : सुलतानपुर पुलिस ने कंप्यूटर ऑपरेटर और उसके साथी को दबोचा

स्थानीय पुलिस के मुताबिक गुजरात पुलिस ने महिला के पति और अन्य परिजनों के बयान भी दर्ज किए हैं। अब महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसमें युवक की क्या भूमिका है, इसकी जांच गुजरात पुलिस कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के तथ्यों और पुलिस को मिलने वाले साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।

Location :  New Delhi

Published :  5 October 2026, 4:37 PM IST

Related News

Advertisement