हिंदी
मैड संधू की Big Boss में होने वाली थी एंट्री (Img- Dynamite News)
Amritsar: अमृतसर की सड़कों से लेकर सोशल मीडिया के गलियारों तक तहलका मचाने वाले लोकप्रिय मेकअप आर्टिस्ट और इंफ्लूएंसर मधुसूदन उर्फ मैड संधू की सरेआम हत्या ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। इस दुखद वारदात में अब एक ऐसा सनसनीखेज खुलासा सामने आया है जिसने लोगों की आंखें नम कर दी हैं।
मैड संधू जल्द ही बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के चर्चित टीवी रियलिटी शो ‘बिग बॉस’ के मंच पर अपना जलवा बिखेरने वाले थे। लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था, सफलता के शिखर पर पहुंचने से ठीक पहले ही अज्ञात हमलावरों ने उनकी जिंदगी का चिराग बुझा दिया।
मैड संधू के परिवार और करीबी सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, उन्हें ‘बिग बॉस’ में शामिल होने के लिए 29 अक्टूबर को मुंबई पहुंचना था। शो में एंट्री को लेकर लगभग सारा कानूनी और औपचारिक पेपरवर्क भी पूरा हो चुका था। वह अपने जीवन के इस सबसे बड़े मुकाम को हासिल करने के लिए बेहद उत्साहित थे।
लेकिन शनिवार शाम लोहरका रोड पर बाइक पर सवार होकर आए दो अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर उन्हें बुरी तरह घायल कर दिया। अस्पताल ले जाते समय उन्होंने दम तोड़ दिया। सोशल मीडिया पर उनकी खून से लथपथ तस्वीरें और वीडियो देखकर उनके लाखों फैंस सदमे में हैं।
इस हाई-प्रोफाइल मर्डर केस की गुत्थी सुलझाने के लिए अमृतसर पुलिस ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। रविवार दोपहर पुलिस कमिश्नर (सीपी) हरमनबीर सिंह गिल खुद भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे क्राइम सीन को रीक्रिएट करवाया।
हमलावरों की शिनाख्त और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने के लिए इलाके के 37 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा चुकी है। पुलिस को अंदेशा है कि हत्यारे आसपास के ग्रामीण इलाकों में छिपे हो सकते हैं। थाना कैंटोनमेंट में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या की धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है।
पोस्टमार्टम के बाद रविवार शाम को गुरुद्वारा बाबा दीप सिंह शहीदां साहिब के पास शमशानघाट में मैड संधू का अंतिम संस्कार कर दिया गया। वह अपने परिवार में माता-पिता और भाई के साथ ड्रीम सिटी कॉलोनी में रहते थे। सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर होने के साथ-साथ मैड संधू ने कुछ पंजाबी फिल्मों में भी अभिनय किया था।
उनका यूं अचानक चले जाना न सिर्फ उनके परिवार के लिए एक कभी न पूरा होने वाला घाटा है, बल्कि उनके चाहने वालों के लिए भी किसी गहरे सदमे से कम नहीं है। पुलिस कमिश्नर ने भरोसा दिया है कि जल्द ही दोषियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
Location : Amritsar
Published : 5 October 2026, 9:34 AM IST