82 में 69 गोल्ड मेडल बेटियों ने जीत लिए… लेकिन MJPRU के दीक्षांत समारोह में ऐसा क्या हुआ, जिसने खींचा सबका ध्यान

महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय के 24वें दीक्षांत समारोह में एक ऐसा फैसला लिया गया, जिसने पूरे कार्यक्रम की चर्चा बढ़ा दी। खराब मौसम के कारण राज्यपाल ऑनलाइन जुड़ीं, लेकिन समारोह का उत्साह कम नहीं हुआ।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 4 August 2026, 7:57 PM IST
google-preferred

Bareilly: महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय (MJPRU) का 24वां दीक्षांत समारोह मंगलवार को गरिमामय माहौल में आयोजित किया गया। खराब मौसम के कारण उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल बरेली नहीं पहुंच सकीं। हालांकि उन्होंने ऑनलाइन माध्यम से समारोह में हिस्सा लिया और मेधावी छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

अपने संबोधन में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहा कि उच्च शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री हासिल करना नहीं है, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनना भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने ज्ञान, अनुभव और कौशल का उपयोग देश के विकास में करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपनी शिक्षा का लाभ समाज तक पहुंचाना चाहिए और नई जिम्मेदारियों को पूरी ईमानदारी से निभाना चाहिए।

मंच पर मेधावियों को मिला सम्मान

समारोह में कुलपति प्रो. के.पी. सिंह, मुख्य अतिथि डॉ. राकेश कुमार और सांसद छत्रपाल गंगवार ने संयुक्त रूप से मेधावी छात्र-छात्राओं को उपाधियां और स्वर्ण पदक प्रदान किए। शुरुआत में केवल 24 मेधावियों को मंच पर सम्मानित करने की योजना बनाई गई थी, लेकिन बाद में निर्णय बदलते हुए सभी 82 स्वर्ण पदक विजेताओं को मंच पर सम्मानित किया गया। इस फैसले से समारोह में मौजूद विद्यार्थियों और उनके परिजनों में खुशी का माहौल देखने को मिला।

ये भी पढ़ें- Lakhimpur Kheri: रंजिश या अचानक हमला? भीरा थाना क्षेत्र में बेखौफ बदमाशों का तांडव, युवक पर किया ताबड़तोड़ हमला

69 छात्राओं ने फिर साबित की अपनी प्रतिभा

दीक्षांत समारोह की सबसे खास बात यह रही कि कुल 82 स्वर्ण पदक विजेताओं में 69 छात्राएं और केवल 13 छात्र शामिल रहे। छात्राओं के इस शानदार प्रदर्शन ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि उच्च शिक्षा के क्षेत्र में बेटियां लगातार नए कीर्तिमान बना रही हैं। समारोह में मौजूद लोगों ने मेधावी छात्राओं की उपलब्धियों की जमकर सराहना की।

ये भी पढ़ें- नोएडा में प्राइवेट स्कूलों की दादागिरी पर DM का बड़ा एक्शन, इन बड़े स्कूलों पर ठोका 1 लाख रुपये का जुर्माना

नई जिम्मेदारियों की शुरुआत का दिन

कुलपति प्रो. के.पी. सिंह ने कहा कि दीक्षांत समारोह केवल डिग्री प्राप्त करने का अवसर नहीं होता, बल्कि यह विद्यार्थियों के जीवन में नई जिम्मेदारियों की शुरुआत का प्रतीक भी है। वहीं मुख्य अतिथि डॉ. राकेश कुमार ने युवाओं को जीवन की चुनौतियों का आत्मविश्वास के साथ सामना करने की प्रेरणा दी और कहा कि सफलता उन्हीं को मिलती है जो लगातार सीखते और आगे बढ़ते रहते हैं।

समारोह में बड़ी संख्या में शिक्षक, अभिभावक, शोधार्थी और विश्वविद्यालय के अधिकारी मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। खराब मौसम के बावजूद समारोह पूरे उत्साह और गरिमा के साथ संपन्न हुआ और मेधावी विद्यार्थियों के लिए यह दिन यादगार बन गया।

Location :  Bareilly

Published :  4 August 2026, 7:57 PM IST

Related News

Advertisement