हिंदी
रिश्वतखोरी का मामला, लेखपाल गिरफ्तार (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Mirzapur: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन टीम ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। लालगंज तहसील परिसर से एक चकबंदी लेखपाल को पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। आरोपी लेखपाल खतौनी में एक आदेश के मुताबिक महिला का नाम दर्ज करने और उसकी नकल उपलब्ध कराने के एवज में यह रिश्वत मांग रहा था। इस अचानक हुई कार्रवाई से तहसील परिसर में वकीलों और कर्मचारियों के बीच हड़कंप मच गया।
यह पूरा मामला मिर्जापुर जिले के लालगंज तहसील क्षेत्र के मझिगवां गांव से जुड़ा हुआ है। यहां के निवासी लालजी सिंह ने कुछ समय पहले एंटी करप्शन टीम के पास एक लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत में लालजी सिंह ने बताया कि उनकी पत्नी का नाम खतौनी में एक आधिकारिक आदेश के अनुसार दर्ज किया जाना था। इसके साथ ही उन्हें उस संशोधित खतौनी की नकल की भी आवश्यकता थी। लेकिन चकबंदी लेखपाल इस कागजी प्रक्रिया को पूरा करने के बजाय लगातार आनाकानी कर रहा था और इसके एवज में अवैध रूप से पांच हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा था।
लालगंज निवासी लालजी सिंह की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एंटी करप्शन टीम ने पहले इसकी अपने स्तर पर गोपनीय जांच की। जांच के दौरान शिकायत प्राथमिक तौर पर सही पाई गई।
इसके बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से एक ट्रैप (जाल) बिछाया। तय योजना के तहत सोमवार को शिकायतकर्ता लालजी सिंह रिश्वत की रकम लेकर लालगंज तहसील परिसर पहुंचे। जैसे ही तहसील परिसर स्थित एक कमरे में चकबंदी लेखपाल ने लालजी सिंह से पांच हजार रुपये लिए, वैसे ही पहले से मुस्तैद एंटी करप्शन टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। टीम की इस त्वरित कार्रवाई से लेखपाल को संभलने का मौका तक नहीं मिला और वह रंगे हाथ पकड़ा गया।
Budaun: पांच दिन तक तलाश, फिर जंगल में दिखा ऐसा मंजर कि परिजनों के उड़ गए होश
रंगे हाथ पकड़े जाने के बाद एंटी करप्शन टीम आरोपी लेखपाल को अपनी हिरासत में लेकर तुरंत लालगंज थाने पहुंची। यहां आरोपी के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, एंटी करप्शन टीम की ओर से लालगंज थाने में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है। इस हाई-प्रोफाइल और सनसनीखेज गिरफ्तारी के बाद से स्थानीय तहसील प्रशासन और कर्मचारियों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। इस घटना ने एक बार फिर सरकारी दफ्तरों में आम जनता को होने वाली परेशानियों और भ्रष्टाचार की परतें खोलकर रख दी हैं।
Location : Mirzapur
Published : 15 September 2026, 9:08 AM IST