हिंदी
Mirzapur: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) ने अपनी राजनीतिक गतिविधियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने प्रदेश में ग्रामीण चौपाल महा-अभियान शुरू करने की घोषणा की है। इसके तहत गरीबों, महादलितों, वंचितों, किसानों, युवाओं और सवर्ण समाज की समस्याओं को गांव-गांव जाकर उठाया जाएगा। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रघु मिश्रा ने कहा कि अब जनता को केवल भाषण और आश्वासन नहीं, बल्कि सीधे अपने अधिकार चाहिए। उन्होंने बताया कि पार्टी ने प्रदेश की 125 विधानसभा सीटों पर संगठन मजबूत करने का लक्ष्य तय किया है। पार्टी ने खुद को एनडीए का भरोसेमंद सहयोगी बताते हुए आगामी विधानसभा चुनाव में गठबंधन को मजबूत करने की प्रतिबद्धता भी जताई।
मिर्जापुर नगर के बथुआ स्थित शांति कुंज लॉन में हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) की जिला इकाई की ओर से प्रेसवार्ता आयोजित की गई। जिलाध्यक्ष प्रवीण श्रीवास्तव के संयोजन में हुई इस वार्ता में प्रदेश अध्यक्ष रघु मिश्रा ने ग्रामीण चौपाल महा-अभियान की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पार्टी गांव-गांव जाकर समाज के अलग-अलग वर्गों की समस्याएं सुनेगी और उनके अधिकारों की आवाज उठाएगी।
रघु मिश्रा ने बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय संरक्षक और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में संगठन का विस्तार किया जा रहा है। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए प्रदेश की 125 विधानसभा सीटों पर संगठन को मजबूत करने की तैयारी है। उन्होंने कहा कि महादलित, गरीब, शोषित और वंचित वर्गों के अधिकारों की लड़ाई के साथ समाज के सभी वर्गों को जोड़कर पार्टी मजबूत राजनीतिक विकल्प बनने का प्रयास करेगी।
ये भी पढ़े: मिर्जापुर में रेलवे ट्रैक के पास अचानक धंसी मिट्टी, ये सात ट्रेनें डायवर्ट, एक रद्द!
HAM का मिशन 2027 शुरू (Image Source: Dynamite News)
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी केवल गरीबों, दलितों, शोषितों और वंचितों के मुद्दे ही नहीं उठाएगी, बल्कि ब्राह्मण, क्षत्रिय, वैश्य और कायस्थ सहित सवर्ण समाज के सम्मान और हितों के लिए भी आवाज उठाएगी। उन्होंने ईडब्ल्यूएस के 10 प्रतिशत आरक्षण, आरक्षण व्यवस्था की समीक्षा और यूपीएससी, बीपीएससी तथा नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में आर्थिक रूप से कमजोर सवर्ण विद्यार्थियों को फीस में छूट देने की मांग का उल्लेख किया।
रघु मिश्रा ने कहा कि समाज के किसी भी वर्ग के व्यक्ति के साथ अन्याय, उत्पीड़न या अपमान होने पर पार्टी चुप नहीं बैठेगी। इसके लिए प्रदेश स्तर पर अधिवक्ताओं की टीम गठित की जाएगी। यह टीम जरूरतमंद लोगों को मुफ्त कानूनी सलाह और विधिक सहायता उपलब्ध कराएगी। उन्होंने यह भी कहा कि सनातन परंपरा और हिंदू समाज पर टिप्पणी कर आघात पहुंचाने वालों के खिलाफ अधिवक्ताओं की टीम कानूनी कार्रवाई करेगी।
ये भी पढ़े: पहले अपहरण, फिर हत्या… मिर्जापुर में प्रिंस की मौत के बाद पुलिस पर उठे सवाल
प्रेसवार्ता में रघु मिश्रा ने एनडीए के सहयोगी दलों और जमीनी कार्यकर्ताओं के सम्मान पर भी जोर दिया। उन्होंने रामायण में रामसेतु निर्माण के दौरान गिलहरी के योगदान का उदाहरण देते हुए कहा कि जिस तरह भगवान श्रीराम ने गिलहरी के छोटे से योगदान को भी सम्मान दिया था, उसी तरह गठबंधन में छोटे दलों और जमीनी कार्यकर्ताओं की भूमिका को भी महत्व मिलना चाहिए।
उन्होंने कहा कि गठबंधन की मजबूती के लिए सभी सहयोगियों को साथ लेकर चलना जरूरी है। अहंकार और उपेक्षा की राजनीति से बचना होगा। पार्टी एनडीए की भरोसेमंद सहयोगी के रूप में आगामी विधानसभा चुनाव में गठबंधन को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रेसवार्ता के दौरान अभिषेक पाण्डेय, अजय जीत सेन गुप्ता, अमित खत्री और अशोक दुबे सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
Location : Mirzapur
Published : 15 November 2026, 5:14 PM IST