मेरठ की सड़क हुई खून से लाल, रोडवेज बस ने बाइक सवार 2 भाइयों को कुचला, दोनों की मौत

मेरठ के आशियाना कॉलोनी निवासी 2 चचेरे भाइयों की मवाना-मेरठ मार्ग पर रोडवेज बस से भिड़ंत में मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद बस चालक फरार हो गया, पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 14 February 2026, 4:26 AM IST
google-preferred

Meerut: शुक्रवार शाम यूपी के मवाना-मेरठ मार्ग पर ऐसा मंजर दिखा जिसे देखकर हर कोई सिहर उठा। तेज रफ्तार गाड़ियों के बीच हुई एक भीषण भिड़ंत ने दो घरों के चिराग बुझा दिए। गढ़मुक्तेश्वर डिपो की रोडवेज बस और बाइक की आमने-सामने की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा रिलायंस पेट्रोल पंप के पास हुआ, जहां कुछ ही सेकंड में खुशियों से भरा सफर मातम में बदल गया।

दादी से मिलने जा रहे थे दोनों चचेरे भाई

जानकारी के मुताबिक मेरठ के थाना लिसाड़ी गेट क्षेत्र की आशियाना कॉलोनी निवासी आहद (20) और उमर (21) शुक्रवार शाम बाइक से मवाना जा रहे थे। मवाना के मिल रोड पर उनकी दादी और ताऊ रहते हैं, जिनसे मिलने के लिए वे घर से निकले थे। जैसे ही उनकी बाइक रिलायंस पेट्रोल पंप के पास पहुंची, सामने से आ रही गढ़मुक्तेश्वर डिपो की रोडवेज बस संख्या यूपी 78 जेएन 7689 से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई। बस कोटद्वार की ओर जा रही थी।

हेलमेट टूटे, बाइक के उड़े परखच्चे

टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों के हेलमेट के परखच्चे उड़ गए और बाइक के पुर्जे सड़क पर दूर-दूर तक बिखर गए। बाइक बस के अगले हिस्से में बुरी तरह फंस गई थी, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। बस का अगला हिस्सा भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सड़क पर टायरों और बाइक को घसीटने के लंबे निशान साफ दिख रहे थे, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि चालक ने ब्रेक लगाने की कोशिश तो की, लेकिन रफ्तार ज्यादा होने के कारण हादसा टल नहीं सका।

ओवरटेक की कोशिश बनी जानलेवा

चश्मदीदों का कहना है कि दोनों वाहन तेज गति में थे। आशंका जताई जा रही है कि ओवरटेक के दौरान सामने से किसी अन्य वाहन के आ जाने से बाइक सीधे बस की चपेट में आ गई। टक्कर के बाद बस बाइक को काफी दूर तक घसीटते हुए ले गई। हादसे के बाद बस में बैठे यात्री उतरकर वहां से चले गए और चालक भी बस छोड़कर फरार हो गया।

परिवार में पसरा मातम, पुलिस जांच में जुटी

आहद अपने परिवार में सबसे बड़ा था और सिलाई का काम करता था। उसके पिता भी इसी पेशे से जुड़े हैं। उमर भी अविवाहित था और सिलाई का काम करता था। जवान बेटों की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मेरठ भिजवा दिया। क्षेत्राधिकारी पंकज लवानिया ने बताया कि बस को कब्जे में ले लिया गया है और तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Location : 
  • Meerut

Published : 
  • 14 February 2026, 4:26 AM IST

Advertisement
Advertisement