Mathura: नंदगांव में भाजपा नेता पर जानलेवा हमला, घर में घुसकर फायरिंग, महिला समेत 3 लोग गंभीर रूप से घायल

नंदगांव में भाजपा नेता एवं पूर्व अध्यक्ष पद प्रत्याशी दान बिहारी चौधरी उर्फ दानो नेता पर शुक्रवार रात घर में घुसकर जानलेवा हमला किया गया। हमलावरों ने फायरिंग की और तीन लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 14 February 2026, 4:20 AM IST
google-preferred

Mathura: नंदगांव में शुक्रवार रात गोलियों की आवाज और चीख-पुकार ने पूरे इलाके को दहला दिया। भाजपा नेता एवं नगर पंचायत नंदगांव अध्यक्ष पद के पूर्व प्रत्याशी दान बिहारी चौधरी उर्फ दानो नेता के घर पर करीब 10 बजे कुछ हथियारबंद लोगों ने धावा बोल दिया। दिवाका थोक स्थित उनके आवास में घुसे हमलावरों ने पहले गाली-गलौज की और फिर अचानक मारपीट शुरू कर दी। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि फायरिंग तक हो गई। इस हमले में एक महिला समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया।

महिलाओं और बच्चों को भी नहीं छोड़ा

दान बिहारी चौधरी का कहना है कि हमलावर लाठी-डंडों और कुल्हाड़ियों से लैस थे। घर में मौजूद महिलाओं और बच्चों को भी नहीं बख्शा गया। हमलावरों ने जमकर उत्पात मचाया और जो सामने आया, उसे निशाना बनाया। परिवार के लोग किसी तरह अपनी जान बचाकर इधर-उधर छिपे। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग सहम गए, लेकिन डर की वजह से तुरंत कोई बाहर नहीं निकल पाया।

तीन गाड़ियां तोड़ीं, नई कार पर भी चला कुल्हाड़ा

हमलावरों का गुस्सा यहीं नहीं थमा। दान बिहारी चौधरी की नई कार समेत कुल तीन वाहनों को कुल्हाड़ियों से काटकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया गया। गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए गए और बॉडी पर गहरे वार किए गए। घटना के बाद घर के बाहर का नजारा किसी रणभूमि जैसा दिखाई दे रहा था।

नामजद तहरीर, राजनीतिक एंगल की चर्चा

पीड़ित पक्ष की ओर से नामजद लोगों के खिलाफ तहरीर दी जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और हमलावरों की तलाश की जा रही है। बताया जा रहा है कि दान बिहारी चौधरी प्रदेश के कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण के करीबी समर्थक माने जाते हैं। ऐसे में इस हमले को राजनीतिक रंजिश से जोड़कर भी देखा जा रहा है। फिलहाल पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल है और लोग दहशत में हैं।

Location : 
  • Mathura

Published : 
  • 14 February 2026, 4:20 AM IST

Advertisement
Advertisement