हिंदी
तेज बारिश के बाद जलभराव से मेरठ में हादसा (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Meerut: मेरठ में बारिश के बाद जलभराव एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। लोहियानगर थाना क्षेत्र के बजौट रेलवे अंडरपास में शनिवार दोपहर एक तांगा चालक और उसके घोड़े की डूबने से मौत हो गई। अंडरपास में करीब 10 फीट तक पानी भरा हुआ था, जिसका अंदाजा चालक को नहीं लग सका। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद तांगा चालक और घोड़े के शव को पानी से बाहर निकाला गया।
पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के गणेशपुरी खत्ता रोड निवासी 60 वर्षीय राकेश पुत्र पूरन सिंह के रूप में हुई है। वह एक डेयरी में कर्मचारी थे। शनिवार सुबह वह तांगे से पशुओं के लिए चारा लेने निकले थे। दोपहर करीब तीन बजे जब वह बजौट रेलवे अंडरपास से गुजर रहे थे, तब वहां भरे गहरे पानी की गहराई का उन्हें अंदाजा नहीं लग सका और तांगा सीधे पानी में उतर गया।
यह भी पढ़ें-Meerut News: घर में अकेली थी किशोरी, तभी हुआ कुछ ऐसा… मोहल्ले में मच गया हड़कंप
प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि तांगा पानी में फंसने के बाद राकेश ने अपने घोड़े को बचाने का प्रयास किया, लेकिन दोनों गहरे पानी में डूब गए। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
मेरठ: तेज बारिश के बाद जलभराव ने मेरठ में बड़ा हादसा खड़ा कर दिया। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों को भी जान जोखिम में डालनी पड़ी#MeerutNews #UPRain #Waterlogging #RailwayUnderpass #PoliceRescue pic.twitter.com/GluemhtBNq
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) July 12, 2026
सूचना पर लोहियानगर पुलिस मौके पर पहुंची। तांगा चालक का शव गहरे पानी में दिखाई नहीं दे रहा था। ऐसे में चौकी इंचार्ज ने अपनी जान जोखिम में डालकर अंडरपास के पानी में छलांग लगाई और काफी देर तक तलाश करने के बाद शव को बाहर निकाला। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घोड़े का शव भी पानी से बाहर निकाला गया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
Location : Meerut
Published : 12 July 2026, 11:38 AM IST