अवैध खनन पर मथुरा पुलिस कार्रवाई के बाद हाई वोल्टेज ड्रामा, थाने से आरोपी छुड़ाकर ले गए कैबिनेट मंत्री के प्रतिनिधि

मथुरा के बरसाना थाना क्षेत्र में अवैध खनन मामले ने बड़ा राजनीतिक और प्रशासनिक तूल पकड़ लिया है। पुलिस द्वारा एक आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद कथित तौर पर उसे थाने से छुड़ाने और फिर दोबारा गिरफ्तारी की घटना चर्चा में है।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 8 June 2026, 7:03 AM IST
google-preferred

Mathura : जिले के बरसाना थाना क्षेत्र में अवैध खनन और पुलिस कार्रवाई को लेकर हालात उस वक्त बिगड़ गए जब सरकारी कार्य में बाधा डालने और पुलिस से मारपीट के आरोपी को पहले थाने से छुड़ा लिया गया और बाद में दोबारा गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। इस पूरे घटनाक्रम ने इलाके में राजनीतिक और प्रशासनिक हलचल बढ़ा दी है।

कैसे शुरू हुआ मामला

पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम कमई और करहला के बीच गौशाला के पास जेसीबी से अवैध मिट्टी खनन किया जा रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई करते हुए खनन कार्य रुकवाया और खनन अधिकारी अक्षय कुमार को बुलाकर एक जेसीबी और चार ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीज कर दिया।

पुलिस पर हमला और हंगामा

इसी दौरान जब पुलिस टीम सीज वाहनों को लेकर थाने लौट रही थी, तभी सूरजपाल और लखन सिंह ने रास्ता रोक लिया। आरोप है कि पूछताछ के दौरान दोनों उग्र हो गए, गाली-गलौज करने लगे और कुछ अन्य लोगों को भी बुला लिया। भीड़ ने पुलिस टीम पर दबाव बनाया, उपनिरीक्षक मदन सिंह को धक्का देकर गिरा दिया और सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप लगा।

UP News 5th June: नोएडा में रिहायशी फ्लैट में लगी आग, मथुरा में पति ने पत्नी की हत्या से सनसनी, पढ़ें यूपी की सभी बड़ी खबर

थाने में हाई वोल्टेज ड्रामा

पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर थाने भेजा, लेकिन इसी बीच कैबिनेट मंत्री के प्रतिनिधि नरदेव चौधरी थाने पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने करीब 30 मिनट तक थाने में दबाव बनाया और दोनों आरोपियों को छुड़ाकर ले गए। जिसके बाद मामला और गरमा गया।

दोबारा गिरफ्तारी और जेल भेजा गया

मामला तूल पकड़ने के बाद पुलिस ने शनिवार दोपहर मुखबिर की सूचना पर सूरजपाल को फिर से गिरफ्तार कर लिया। उसे कोर्ट में पेश किया गया। जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस ने साफ किया है कि मामले में आगे की जांच जारी है।

Location :  Mathura

Published :  8 June 2026, 6:22 AM IST

Advertisement