एटा में 11 लाख की संपत्ति पर लगा सरकारी ताला, गैंगस्टर को लगा बड़ा झटका

एटा पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी की करीब 11 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति कुर्क कर दी। जिला मजिस्ट्रेट के आदेश पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने आरोपी द्वारा अपराध से अर्जित धन से खरीदी गई जमीन को जब्त किया।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 7 June 2026, 10:59 PM IST
google-preferred

Etah : अपराध से अर्जित अवैध संपत्तियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एटा पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के एक आरोपी पर बड़ी कार्रवाई की है। जिला मजिस्ट्रेट के आदेश के अनुपालन में पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने आरोपी की करीब 11 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति कुर्क कर दी। कार्रवाई के दौरान इलाके में पुलिस बल तैनात रहा और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में पूरी प्रक्रिया को संपन्न कराया गया।

गैंगस्टर एक्ट के आरोपी पर हुई कार्रवाई

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एटा डॉ. इलामारन के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय एवं अपर पुलिस अधीक्षक अपराध के पर्यवेक्षण में थाना सकीट में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे के आरोपी चंदा पुत्र चिम्मन खान निवासी मोहल्ला काजी, कस्बा सकीट के खिलाफ कुर्की की कार्रवाई अमल में लाई गई।

अपराध से अर्जित धन से खरीदी गई थी संपत्ति

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने अपराध के जरिए अर्जित अवैध धन का इस्तेमाल कर अपने और अपने परिजनों के नाम पर चल एवं अचल संपत्तियां खरीदी थीं। जांच के दौरान कस्बा सकीट स्थित विभिन्न गाटा संख्याओं की भूमि का सत्यापन किया गया। जिसमें आरोपी के हिस्से की जमीन को चिन्हित किया गया।

पत्नी के नाम दर्ज थी जमीन

प्रशासनिक जांच में पाया गया कि कुल 1.619 हेक्टेयर भूमि में से 0.089 हेक्टेयर भूमि आरोपी के हिस्से में आती है। यह भूमि आरोपी की पत्नी सना के नाम पर खरीदी गई थी। अधिकारियों ने इसे अपराध से अर्जित संपत्ति मानते हुए कुर्क करने की कार्रवाई की।

एटा में दिनदहाड़े चोरी! ग्राहक बनकर आया और लाखों का सोना लेकर फरार… बाजार में हड़कंप

पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम रही मौजूद

कुर्की अभियान के दौरान क्षेत्राधिकारी सकीट नीतीश गर्ग, तहसीलदार सदर नीरज कुमार, नायब तहसीलदार शाश्वत, थानाध्यक्ष सकीट विदेश राठी, थानाध्यक्ष रिजोर प्रदीप कुमार समेत राजस्व विभाग की टीम और भारी पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा।

अपराधियों पर आगे भी जारी रहेगा शिकंजा

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अपराध से अर्जित संपत्तियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। प्रशासन का उद्देश्य अपराधियों की आर्थिक कमर तोड़ना और कानून व्यवस्था को मजबूत करना है। कुर्क की गई संपत्ति की अनुमानित कीमत लगभग 11 लाख रुपये बताई गई है।

Location :  Etah

Published :  7 June 2026, 10:59 PM IST

Advertisement