UP News 5th June: नोएडा में रिहायशी फ्लैट में लगी आग, मथुरा में पति ने पत्नी की हत्या से सनसनी, पढ़ें यूपी की सभी बड़ी खबर

देश की राजधानी दिल्ली से संचालित डाइनामाइट न्यूज़ ने उत्तर प्रदेश की खबरों का नंबर-1 चहेता चैनल बनने का मुकाम हासिल किया है। इस खास उपल्ब्धि के मौके पर डाइनामाइट न्यूज़ उत्तर प्रदेश वासियों को खबरों का नया अनुभव देने जा रहे हैं। अब आपको उत्तर प्रदेश की सभी छोटी बड़ी खबरें केवल एक खबर में एक साथ पढ़ने को मिलेंगी। पढें यूपी की सभी खबरों को साथ यहां एक्सक्लूसिव लाइव ब्लॉग में...

Updated : 5 June 2026 , 4:35 PM
google-preferred

Lucknow/New Delhi: देश की राजधानी दिल्ली से संचालित उत्तर प्रदेश की खबरों का नंबर-1 चैनल डाइनामाइट न्यूज़ नये प्रयोगों, बिग ब्रेकिंग समाचारों के साथ अपने कलेवर के लिए जाना जाता है। देश के सबसे अधिक जनसंख्या वाले राज्य यूपी का नंबर-1 चैनल होने के नाते हम अपने पाठकों के लिये खबरों की प्रस्तुतिकरण का नया अंदाज लेकर सामने आये हैं, जिससे प्रदेश वासियों को समाचारों का जानने का एक नया अनुभव मिलेगा। अपने पाठकों के लिये हम पेश कर रहे हैं यूपी की खबरों का एक लाइव ब्लॉग, जिसमें एक ही खबर में, एक ही जगह और एक क्लिक में आपको उत्तर प्रदेश की सभी खबरें एक साथ पढ़ने को मिलेंगी।

इस लाइव ब्लॉग में आपको उत्तर प्रदेश की हर छोटी-बड़ी घटना, राजनीतिक हलचल, अपराध, खेल और हर जरूरी घटनाक्रम पढ़ने को मिलेगा।

    The liveblog has ended.

    LIVE NEWS & UPDATES

    • 05 Jun 2026 04:35 PM (IST)

      UP News Live Updates: Saharanpurमें शादी का झांसा देकर रेप के आरोपी गिरफ्तार

      सहारनपुर के फतेहपुर पुलिस ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे आरोपी मुरतजीम को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी दतौली मुगल गांव का निवासी है और मामला दर्ज होने के बाद से लगातार फरार था। पुलिस ने उसकी तलाश में कई जगह दबिश दी और अंततः उसे उत्तराखंड के श्रीनगर स्थित एक होटल से दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को थाने लाया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

    • 05 Jun 2026 04:20 PM (IST)

      UP News Live Updates: Kanpur में किसान हत्याकांड का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

      कानपुर में हुए सनसनीखेज किसान हत्याकांड का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। महाराजपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में हत्या में इस्तेमाल किया गया फावड़ा भी बरामद कर लिया गया है। मामले का खुलासा डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने किया, जिन्होंने बताया कि घटना के पीछे आपसी रंजिश सामने आई है। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है और अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

       

    • 05 Jun 2026 04:01 PM (IST)

      UP News Live Updates: Sitapur में धर्मांतरण के शक में पुलिस की छापेमारी

      सीतापुर के मिश्रिख कोतवाली क्षेत्र के थोक गांव में धर्मांतरण की सूचना पर पुलिस ने छापेमारी की। यह कार्रवाई हिंदू संगठनों की शिकायत के बाद की गई। आरोप है कि एक घर में प्रार्थना सभा के नाम पर लोगों का धर्मांतरण कराया जा रहा था। मौके पर पुलिस को लगभग 20 से 25 लोग मौजूद मिले। कार्यक्रम का संचालन बिहार के अमाना जिले निवासी सुरेंद्र कर रहा था। पुलिस ने सभी लोगों से पूछताछ की और मामले की जांच शुरू कर दी है।

    • 05 Jun 2026 03:59 PM (IST)

      UP News Live Updates: Hardoi के हैबतपुर में सड़क हादसा, चार घायल

      हरदोई जिले के बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के हैबतपुर गांव में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। अज्ञात वाहन ने बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक पर सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलग्राम पहुंचाया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।

    • 05 Jun 2026 02:48 PM (IST)

      UP News Live Updates: Lucknow में छात्रा से छेड़खानी के विरोध पर पिता और भाई से मारपीट

      लखनऊ के सैरपुर क्षेत्र में छात्रा से छेड़खानी की घटना के बाद बड़ा विवाद हो गया। आरोप है कि दो युवक स्कूल आते-जाते समय छात्रा से छेड़खानी कर रहे थे। जब परिजनों ने इसका विरोध किया तो दबंगों ने पिता और भाई पर हमला कर उन्हें पीट दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित पक्ष आरोपियों के घर शिकायत लेकर पहुंचा था, जहां विवाद बढ़ गया।

    • 05 Jun 2026 02:38 PM (IST)

      UP News Live Updates: Lucknow में दहेज हत्या मामले में आरोपी पति गिरफ्तार

      लखनऊ में दहेज हत्या के गंभीर मामले में चिनहट पुलिस ने आरोपी पति आशुतोष को गिरफ्तार कर लिया है। उस पर अपनी पत्नी मोनिका मिश्रा की हत्या का आरोप है। मामले की शुरुआत मोनिका मिश्रा के पिता द्वारा दर्ज कराई गई एफआईआर के बाद हुई, जिसमें दहेज उत्पीड़न और हत्या की आशंका जताई गई थी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच तेज की और आरोपी की तलाश शुरू की। लगातार छानबीन के बाद चिनहट पुलिस ने आशुतोष को दबोच लिया। आगे की पूछताछ और कानूनी कार्रवाई जारी है।

    • 05 Jun 2026 02:36 PM (IST)

      UP News Live Updates: Mirzapur में युवती की पहचान के लिए एमपी बॉर्डर तक पहुंची पुलिस

      मिर्जापुर के मड़िहान थाना क्षेत्र के देवरी कला गांव स्थित कुनबियामार जंगल में युवती का शव मिलने के मामले में पुलिस जांच तेज कर दी गई है। शव की पहचान के लिए पुलिस टीम मध्य प्रदेश सीमा तक पहुंचकर जानकारी जुटा रही है। जांच के दौरान क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों से गुजरने वाले 200 से अधिक वाहनों की पड़ताल की जा रही है। आशंका जताई जा रही है कि युवती की हत्या कर शव को जंगल में फेंका गया है। पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच करते हुए मृतका की पहचान और आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

    • 05 Jun 2026 01:58 PM (IST)

      UP News Live Updates: Varanasi में तेज रफ्तार थार का कहर, दो घायल

      वाराणसी के सिगरा थाना क्षेत्र स्थित औरंगाबाद इलाके में तेज रफ्तार थार वाहन का कहर देखने को मिला। जानकारी के अनुसार अनियंत्रित थार ने सड़क पर जा रहे लोगों को टक्कर मार दी, जिससे दो लोग घायल हो गए। घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। हादसे के बाद थार बीच सड़क पर पलट गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

      Varanasi

    • 05 Jun 2026 01:55 PM (IST)

      UP News Live Updates: Patna में खान सर पर दर्ज हुई FIR

      पटना में चर्चित शिक्षक खान सर की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। कदम कुआं थाना क्षेत्र में खान सर के खिलाफ फायरिंग और आर्म्स एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। यह कार्रवाई कोचिंग संस्थान से जुड़े फायरिंग और विवाद के मामले में की गई है। इससे पहले मामले में कोचिंग के दो गार्डों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

    • 05 Jun 2026 01:53 PM (IST)

      UP News Live Updates: Kannauj में लोडर और ऑटो की टक्कर में दो की मौत

      कन्नौज जिले में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। सदर कोतवाली क्षेत्र में पीएसएम महाविद्यालय के पास एक तेज रफ्तार लोडर ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि ऑटो सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

    • 05 Jun 2026 01:52 PM (IST)

      UP News Live Updates: Azamgarh में एम्बुलेंस और ऑटो की टक्कर में 2 की मौत

      आजमगढ़ जिले के बरदह थाना क्षेत्र के राजेपुर के पास शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां एक तेज रफ्तार एम्बुलेंस ने ऑटो रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो सवार एक महिला और एक पुरुष की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

    • 05 Jun 2026 12:35 PM (IST)

      UP News Live Updates: Kaushambi में विश्व पर्यावरण दिवस पर डीएम ने किया पौधारोपण

      कौशाम्बी में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर में विशेष पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी डॉ अमित पाल ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान में हिस्सा लेते हुए पौधा रोपा और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने उपस्थित लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की। डीएम ने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए हर नागरिक को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी।

      Kaushambi

    • 05 Jun 2026 12:33 PM (IST)

      UP News Live Updates: Etawah में भरथना के प्रवेन्द्र को अमेरिका में मिला पोस्ट डॉक्टोरल रिसर्च का अवसर

      इटावा के भरथना क्षेत्र के रहने वाले प्रवेन्द्र ने अपने मेहनत और प्रतिभा के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। एक गरीब परिवार से आने वाले प्रवेन्द्र का चयन अमेरिका के प्रतिष्ठित कोलोराडो स्कूल ऑफ माइंस में पोस्ट डॉक्टोरल रिसर्च के लिए हुआ है। इस अवसर के साथ वे अमेरिका में भारत का नाम भी रोशन करेंगे। जानकारी के अनुसार प्रवेन्द्र अब विदेश में शोध कार्य करेंगे और अपने क्षेत्र में उच्च स्तरीय अध्ययन में योगदान देंगे।

    • 05 Jun 2026 12:23 PM (IST)

      UP News Live Updates: Noida में अवैध होर्डिंग गिरने से हादसा, युवक की मौत

      नोएडा में होर्डिंग माफियाओं के अवैध खेल का बड़ा मामला सामने आया है, जहां नियमों को ताक पर रखकर लगाए गए होर्डिंग एक बार फिर हादसे का कारण बने। चौखंडी इलाके में आंधी-तूफान के दौरान एक निजी कंपनी का होर्डिंग पोल गिर गया, जिसके नीचे दबकर एक लोडिंग रिक्शा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

    • 05 Jun 2026 12:22 PM (IST)

      UP News Live Updates: Ghaziabad के खोड़ा में जुमे की नमाज को लेकर हाई अलर्ट, भारी पुलिस बल तैनात

      गाजियाबाद के खोड़ा इलाके में जुमे की नमाज को लेकर प्रशासन ने हाई अलर्ट जारी किया है। सूर्या हत्याकांड के बाद सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया गया है और पूरे क्षेत्र में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। जानकारी के अनुसार 1000 से अधिक पुलिसकर्मी, पीएसी की अतिरिक्त कंपनियों के साथ मौके पर मौजूद हैं। सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए ड्रोन कैमरों का भी इस्तेमाल किया जा रहा है।

      Ghaziabad

    • 05 Jun 2026 12:19 PM (IST)

      UP News Live Updates: Etawah में टायर फटने से सब्जी लोडर पलटा

      इटावा के इकदिल क्षेत्र स्थित सराय जलाल के पास उस समय बड़ा हादसा होते-होते टल गया जब फल और सब्जी से भरा एक लोडर अचानक पलट गया। जानकारी के अनुसार लोडर सब्जी मंडी से चकरनगर की ओर जा रहा था, तभी रास्ते में उसका टायर फट गया और वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

      Etawah

    • 05 Jun 2026 12:18 PM (IST)

      UP News Live Updates: Ghaziabad के होटल में युवती की लाश मिलने से सनसनी

      गाजियाबाद के विजयनगर क्षेत्र स्थित भूड़ रेलवे रोड के अंश होटल में एक युवती का शव मिलने से हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार युवती होटल के कमरे में एक युवक के साथ गई थी। बाद में उसका शव कमरे में फंदे से लटका हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

    • 05 Jun 2026 12:16 PM (IST)

      UP News Live Updates: Lakhimpur में अम्बेडकर मूर्ति क्षतिग्रस्त, नंदपुरवा में तनाव का माहौल

      लखीमपुर के निघासन क्षेत्र के नंदपुरवा गांव में डॉ भीमराव अंबेडकर की मूर्ति को क्षतिग्रस्त किए जाने के बाद इलाके में तनाव फैल गया है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों में आक्रोश देखने को मिला और मौके पर हंगामा शुरू हो गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।

    • 05 Jun 2026 11:52 AM (IST)

      UP News Live Updates: Amroha में चोरी के शक में युवक की बेरहमी से पिटाई

      अमरोहा में चोरी के शक को लेकर एक युवक के साथ अमानवीय मारपीट का मामला सामने आया है। नगर कोतवाली क्षेत्र में युवक को बिजली के पोल से बांधकर कथित तौर पर लोहे की रॉड और डंडों से पीटा गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और वीडियो की सत्यता व आरोपियों की पहचान की जा रही है।

    • 05 Jun 2026 11:50 AM (IST)

      UP News Live Updates: Kanpur में गांजा तस्करों पर पुलिस का बड़ा एक्शन

      कानपुर में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए किदवई नगर क्षेत्र के कंजड़नपुरवा में तड़के छापेमारी की। इस सघन अभियान के दौरान पुलिस ने लगभग 75 घरों में एक साथ चेकिंग की, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। कार्रवाई के दौरान 10 संदिग्ध गांजा तस्करों को हिरासत में लिया गया है। कई घरों से गांजा भी बरामद किया गया है। पुलिस सभी संदिग्धों से पूछताछ कर रही है और नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।

      up crime news

    • 05 Jun 2026 11:32 AM (IST)

      UP News Live Updates: Unnao में युवती अपहरण और हत्या मामले में अस्पताल पर कार्रवाई

      Unnao में युवती को अगवा कर हत्या किए जाने के मामले ने गंभीर मोड़ ले लिया है। जांच के सिलसिले में स्वास्थ्य विभाग की टीम आरोपी देवकांत से जुड़े अस्पताल पर पहुंची। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में डॉक्टर और प्रशिक्षित स्टाफ मौजूद नहीं पाए गए, जिस पर टीम ने कड़ी कार्रवाई करते हुए अस्पताल को सील कर दिया। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने कहा है कि अस्पताल संचालन में गंभीर अनियमितताएं मिली हैं। पुलिस और प्रशासन मामले की गहन जांच में जुटे हैं और आरोपी से पूछताछ जारी है।

    • 05 Jun 2026 11:31 AM (IST)

      UP News Live Updates: Meerut में कबड्डी खिलाड़ी अनुष्का उर्फ रिया हत्याकांड, सपा नेता करेंगे परिजनों से मुलाकात

      Meerut में कबड्डी खिलाड़ी अनुष्का उर्फ रिया की हत्या का मामला लगातार सुर्खियों में है। इस घटना को लेकर राजनीतिक हलचल भी तेज हो गई है। सपा के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल आज रिया के घर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात करेंगे और उन्हें सांत्वना देंगे। बताया जा रहा है कि आरोपी श्याम धानुक ने करीब डेढ़ महीने पहले रिया की हत्या की थी। हत्या के बाद शव को नाले में फेंक दिया गया, जहां वह लगभग डेढ़ महीने तक सड़ता रहा। पुलिस ने मामले में जांच तेज कर दी है और आरोपी से पूछताछ जारी है। परिवार न्याय की मांग कर रहा है।

    • 05 Jun 2026 11:29 AM (IST)

      UP News Live Updates: Agra के बटेश्वर गांव में दो पक्षों में हिंसक झड़प, 8 लोग घायल

      Agra के बाह क्षेत्र स्थित बटेश्वर गांव में दो पक्षों के बीच किसी पुरानी रंजिश को लेकर जमकर मारपीट हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से लाठी-डंडों के साथ-साथ दांत से काटने तक की घटना सामने आई। इस झगड़े में कुल 8 लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक गर्भवती महिला भी शामिल है। सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

    • 05 Jun 2026 11:28 AM (IST)

      UP News Live Updates: Agra के सिधावली गांव में दर्दनाक हादसा

      Agra के बाह क्षेत्र के सिधावली गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां गहरे पानी के गड्ढे में एक बच्चा डूब गया। स्थानीय लोगों ने बच्चे को बाहर निकालकर तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक का माहौल है।

    • 05 Jun 2026 11:12 AM (IST)

      UP News Live Updates: Aligarh में AMU कर्मचारी की ट्रेन की चपेट में आकर दर्दनाक मौत

      अलीगढ़ में सिविल लाइन थाना क्षेत्र के भमोला रेलवे ट्रैक पर उस समय दर्दनाक हादसा हो गया जब अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (AMU) का एक कर्मचारी ट्रेन की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकला था और बताया जा रहा है कि वह कान में ईयरफोन लगाए हुए था, इसी दौरान ट्रैक पार करते समय यह हादसा हुआ। मृतक ट्यूबवेल ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था।

    • 05 Jun 2026 11:11 AM (IST)

      UP News Live Updates: Sonbhadra में संदिग्ध हालात में विवाहिता ने फांसी लगाकर की आत्महत्या

      सोनभद्र जिले के चोपन थाना क्षेत्र अंतर्गत रजधन गांव में एक विवाहिता द्वारा संदिग्ध परिस्थितियों में आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और परिजनों में कोहराम मच गया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

    • 05 Jun 2026 11:10 AM (IST)

      UP News Live Updates: Gorakhpur के दवा मंडी की दुकान में आग

      गोरखपुर के कैंट क्षेत्र स्थित भलोटिया मार्केट की दवा मंडी में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब वेदिका ट्रेडर्स नामक दवा की दुकान में अचानक आग लग गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। आग लगते ही आसपास के दुकानदारों में हड़कंप मच गया और लोगों ने तुरंत इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।

    • 05 Jun 2026 11:09 AM (IST)

      UP News Live Updates: Agra में पिता के सामने युवक ने खुद को गोली मारी

      आगरा के हरिपर्वत थाना क्षेत्र में शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई जब एक युवक ने अपने ही पिता के सामने खुद को गोली मार ली। घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया और परिवार में कोहराम मच गया। गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

    • 05 Jun 2026 11:08 AM (IST)

      UP News Live Updates: Meerut के नौचंदी मेले में दो पक्षों में बवाल

      मेरठ के ऐतिहासिक नौचंदी मेले में उस समय हंगामा हो गया जब साउंड सिस्टम लगाने वाले कर्मियों और अमन भाटी के समर्थकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते मामूली कहासुनी ने मारपीट का रूप ले लिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मेले में मौजूद लोगों में दहशत फैल गई और स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

    • 05 Jun 2026 11:06 AM (IST)

      UP News Live Updates: Deoria के बरहज में लाखों की चोरी से इलाके में दहशत

      देवरिया जनपद के बरहज थाना क्षेत्र के खोरी गांव में गुरुवार की रात चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोर पीछे का दरवाजा तोड़कर घर में घुसे और कमरों में रखी आलमारी व बक्सों के ताले तोड़ दिए। परिवार के सदस्य गर्मी के कारण एक कमरे में एसी चलाकर सो रहे थे। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने लगभग 1 लाख नकदी और 15 से 20 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। घटना के बाद गांव में दहशत फैल गई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

    • 05 Jun 2026 10:47 AM (IST)

      UP News Live Updates: Etawah में जंगल में पेड़ से लटका मिला महिला का शव, जांच शुरू

      इटावा के थाना इकदिल क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां जंगल में पेड़ से एक महिला का शव लटका हुआ मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। बताया जा रहा है कि महिला लंबे समय से अवसाद से जूझ रही थी। घटनास्थल से विषाक्त पदार्थ की पुड़िया भी बरामद हुई है, जिससे मामले को संदिग्ध माना जा रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

    • 05 Jun 2026 10:46 AM (IST)

      UP News Live Updates: Lucknow में मोहनलालगंज में गुर्जर गैंग पर कर्मचारी से मारपीट का आरोप

      लखनऊ के मोहनलालगंज क्षेत्र में गुर्जर गैंग के एक सदस्य पर मोबाइल टावर कर्मचारी से मारपीट करने का आरोप लगा है। जानकारी के अनुसार कर्मचारी दिनेश प्रताप के साथ मारपीट की गई, जिससे इलाके में तनाव का माहौल बन गया। घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने शिकायत दर्ज कराई, लेकिन अभी तक पुलिस की ओर से किसी तरह की ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

    • 05 Jun 2026 10:44 AM (IST)

      UP News Live Updates: Sant Kabir Nagar में TGT परीक्षा में नकल करते पकड़ा गया युवक, FIR दर्ज

      संतकबीरनगर के खलीलाबाद स्थित हीरालाल रामनिवास महाविद्यालय में आयोजित TGT परीक्षा के दौरान एक युवक को इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस से नकल करते हुए पकड़ा गया। जांच के दौरान खुलासा होने पर आरोपी ने मौके से भागने की कोशिश की और कॉलेज परिसर की दीवार फांदकर फरार हो गया। घटना के बाद परीक्षा केंद्र पर हड़कंप मच गया। कॉलेज प्रशासन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मामले में कुशीनगर निवासी युवक के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है और आगे की जांच शुरू कर दी है।

    • 05 Jun 2026 10:40 AM (IST)

      UP News Live Updates: Hapur में हाईवे पर दर्दनाक हादसा, बस परिचालक की मौत

      हापुड़ के थाना सिंभावली क्षेत्र के हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। टूरिस्ट बस का टायर बदलते समय परिचालक को तेज रफ्तार कैंटर ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार परिचालक बस का टायर बदल रहा था तभी यह हादसा हुआ। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

    • 05 Jun 2026 10:29 AM (IST)

      UP News Live Updates: Chitrakoot में घर के बाहर सो रहे व्यक्ति की निर्मम हत्या से सनसनी

      चित्रकूट जिले के बहिलपुरवा थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां घर के बाहर सो रहे एक व्यक्ति की अज्ञात हमलावरों ने बेरहमी से हत्या कर दी। घटना देर रात या तड़के होने की आशंका जताई जा रही है, जब पीड़ित अपने घर के बाहर सो रहा था। अचानक हुए हमले में व्यक्ति को गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी सुबह परिजनों और स्थानीय लोगों को लगी, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

    • 05 Jun 2026 10:28 AM (IST)

      UP News Live Updates: Fatehpur में खड़े ट्रक में घुसी बस, चालक की मौत

      फतेहपुर के मलवा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जहां खड़े ट्रक में रोडवेज बस जा घुसी। इस हादसे में बस चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कंडक्टर समेत 6 लोग घायल हो गए। इनमें से 3 की हालत गंभीर बताई जा रही है। बस में कुल 15 सवारियां थीं और यह कानपुर से प्रयागराज जा रही थी। हादसा अचानक हुआ जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा गया।

    • 05 Jun 2026 10:25 AM (IST)

      UP News Live Updates: यूपी IAS एसोसिएशन को नया चेयरमैन मिला

      उत्तर प्रदेश कैडर के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी और अपर मुख्य सचिव (वित्त) दीपक कुमार को यूपी आईएएस एसोसिएशन का नया चेयरमैन नियुक्त किया गया है। उन्होंने पूर्व अध्यक्ष का स्थान लिया है, जो सेवानिवृत्त हो चुके हैं। एसोसिएशन की वार्षिक आम बैठक (AGM) पिछले लगभग नौ वर्षों से नहीं हो सकी है, जिससे संगठनात्मक गतिविधियां प्रभावित रही हैं। अब दीपक कुमार के सामने एसोसिएशन को सक्रिय बनाने, लंबित संस्थागत प्रक्रियाओं को आगे बढ़ाने और अधिकारियों के बीच समन्वय मजबूत करने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी।

    • 05 Jun 2026 09:53 AM (IST)

      UP News Live Updates: Etawah में डिलीवरी के बाद महिला की मौत से हंगामा

      इटावा जिले के थाना फ्रेंड्स कॉलोनी क्षेत्र स्थित हॉस्पिटल में डिलीवरी के बाद एक महिला की मौत हो गई, जिसके बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। घटना से आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल के बाहर शव रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। परिजनों का आरोप है कि महिला की मौत गलत इलाज और इन्फेक्शन के कारण हुई है, जिससे अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही सामने आई है। इस घटना के बाद मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई और बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

    • 05 Jun 2026 09:52 AM (IST)

      UP News Live Updates: Maharajganj में सीमा पर 4.5 किलो हाइड्रोपोनिक बरामद

      महराजगंज जिले में सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक म्यांमार नागरिक को गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एसएसबी और नारकोटिक्स विभाग की संयुक्त टीम द्वारा की गई। जानकारी के अनुसार आरोपी नेपाल के रास्ते भारत में मादक पदार्थों की सप्लाई कर रहा था। तलाशी के दौरान उसके पास से 4.5 किलो हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद किया गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ जारी है।

    • 05 Jun 2026 09:42 AM (IST)

      पी में 1610 करोड़ रुपये का अतिरिक्त भार उपभोक्ताओं पर

      उत्तर प्रदेश में जून के बिजली बिलों में 10 प्रतिशत फ्यूल सरचार्ज जोड़ दिया गया है। नियामक आयोग की आपत्ति के बावजूद लागू किए गए इस फैसले से 3.73 करोड़ उपभोक्ताओं पर करीब 1610 करोड़ रुपये का अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ सकता है। और पढ़ें

    • 05 Jun 2026 09:37 AM (IST)

      UP News Live Updates: Hapur में फलों के दामों में भारी बढ़ोतरी, आम लोगों की जेब पर असर

      हापुड़ में इन दिनों फलों के दामों में कई फीसदी तक की बढ़ोतरी देखने को मिल रही है, जिससे आम उपभोक्ताओं की जेब पर सीधा असर पड़ रहा है। बाजार में सेब के दाम 200 रुपये प्रति किलो से बढ़कर 250 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गए हैं। वहीं कीवी, जो पहले 40 रुपये प्रति पीस बिक रही थी, अब 80 रुपये प्रति पीस हो गई है। इसके अलावा अनार के दाम भी 150 रुपये प्रति किलो से बढ़कर 200 रुपये प्रति किलो हो गए हैं। व्यापारियों के अनुसार सप्लाई और लागत बढ़ने के कारण कीमतों में यह उछाल आया है, जिससे खरीदारी प्रभावित हो रही है।

    • 05 Jun 2026 09:36 AM (IST)

      UP News Live Updates: सीएम योगी आदित्यनाथ का जन्मदिन आज, प्रदेशभर में धूमधाम

      लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जन्मदिन पूरे प्रदेश में मनाया जा रहा है। भाजपा नेता और कार्यकर्ता अलग-अलग स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं और सीएम के दीर्घायु होने की कामना कर रहे हैं। राजधानी लखनऊ के दारुलशफा स्थित हनुमान मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की गई और श्रद्धालुओं ने हनुमान चालीसा व सुंदरकांड पाठ किया।

    • 05 Jun 2026 09:34 AM (IST)

      UP News Live Updates: Noida के सेक्टर-52 में पीजी और रेस्टोरेंट वाली बिल्डिंग में लगी आग, मचा हड़कंप

      नोएडा के सेक्टर-52 इलाके में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक बहुमंजिला बिल्डिंग में अचानक आग लग गई। जानकारी के अनुसार इसी बिल्डिंग के नीचे रेस्टोरेंट संचालित होता है, जबकि ऊपर की मंजिलों पर हॉस्टल और पीजी चल रहा था। आग लगने के बाद धुआं तेजी से फैल गया और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है।

       

    • 05 Jun 2026 09:32 AM (IST)

      UP News Live Updates: Auraiya में गत्ता लदी डीसीएम में भीषण आग, चालक ने बचाई जान

      उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के अजीतमल कोतवाली क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब गत्ता लदी एक डीसीएम में अचानक भीषण आग लग गई। बताया जा रहा है कि वाहन चालक ने आग की लपटें उठती देख तुरंत समझदारी दिखाते हुए गाड़ी को सड़क किनारे रोक दिया और अपनी जान बचाई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी माना जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और दमकल विभाग मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।

    • 05 Jun 2026 09:24 AM (IST)

      UP News Live Updates: Mahoba में हाईवे किनारे दो पक्षों में मारपीट

      महोबा के कबरई थाना क्षेत्र में हाईवे किनारे सरेराह दो पक्षों के बीच मारपीट की घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि नकाबपोश दबंगों ने कुछ युवकों पर हमला कर उनकी पिटाई कर दी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़ित पक्ष की शिकायत दर्ज कर ली गई है।

    • 05 Jun 2026 09:16 AM (IST)

      UP News Live Updates: Noida में सेक्टर-52 शताब्दी बिहार में लगी आग

      नोएडा के सेक्टर-52 स्थित शताब्दी बिहार इलाके में एक बिल्डिंग में आग लगने की घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि बिल्डिंग के निचले हिस्से में स्थित एक रेस्टोरेंट में अचानक आग भड़क उठी, जबकि ऊपर के फ्लोर पर पीजी संचालित हो रहा था। शुरुआती जानकारी के अनुसार आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-24 पुलिस और दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। दमकल कर्मी आग पर काबू पाने के प्रयास में जुटे हैं।

    • 05 Jun 2026 09:15 AM (IST)

      UP News Live Updates: Amethi में बर्थडे पार्टी में गए किशोर की हत्या

      अमेठी के जायस कोतवाली क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां बर्थडे पार्टी में गए एक किशोर की निर्मम हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि किशोर घर से बर्थडे पार्टी में शामिल होने के लिए निकला था, लेकिन देर रात तक वह वापस नहीं लौटा। अगले दिन सुबह उसका शव गांव के बाहर खेत में खून से लथपथ हालत में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। शव देखने पर स्पष्ट हुआ कि किशोर की गला रेतकर हत्या की गई है, जिससे परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया।

    • 05 Jun 2026 09:14 AM (IST)

      UP News Live Updates: Kanpur के रेलबाजार में पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़

      कानपुर के रेलबाजार थाना क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस और एक वांछित बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल हो गया, जिसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़े गए बदमाश की पहचान राजू करिया के रूप में हुई है। उसके पास से 315 बोर का तमंचा, कारतूस और सर्जिकल ब्लेड बरामद हुए हैं। बताया जा रहा है कि आरोपी जाहिद खूंटी हत्याकांड में वांछित था और उस पर हत्या व गैंगस्टर समेत कुल 38 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

    • 05 Jun 2026 09:13 AM (IST)

      UP News Live Updates: Rampur के हकीमगंज में फूड प्वाइजनिंग का मामला

      रामपुर के हकीमगंज इलाके में फूड प्वाइजनिंग का मामला सामने आया है, जिससे एक ही परिवार के पांच लोग बीमार पड़ गए। बताया जा रहा है कि आलू-बरी की सब्जी खाने के बाद पति-पत्नी और तीन बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। सभी को उल्टी और दस्त की शिकायत होने पर परिजनों ने तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों के अनुसार सभी मरीजों का इलाज जारी है और हालत पर नजर रखी जा रही है। प्राथमिक जांच में फूड प्वाइजनिंग की आशंका जताई जा रही है। स्वास्थ्य विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है और खाने के सैंपल भी लिए जा सकते हैं।

    • 05 Jun 2026 09:12 AM (IST)

      UP News Live Updates: Ghazipur में पुलिस पर पथराव मामले में कई पर केस दर्ज

      गाजीपुर में पुलिस पर हुए पथराव के मामले में बड़ी कार्रवाई की गई है। सदर कोतवाली क्षेत्र में 29 अप्रैल को विनीत राय की हत्या के बाद पुलिस ने आरोपी का एनकाउंटर किया था। आरोपी का शव गांव ले जाते समय भीड़ ने पथराव कर दिया, जिसमें सीओ सिटी समेत करीब 12 पुलिसकर्मी घायल हो गए। इस मामले में पुलिस ने 6 नामजद और 40 से 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। नामजद आरोपियों में संजय कुमार बिंद, अनीता बिंद, मोहिल बिंद, राजकुमार बिंद, कमलावता और विन्चरिया बिंद शामिल हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है।

Location :  New Delhi

Published :  5 June 2026, 8:34 AM IST

Advertisement