महराजगंज में विश्वकर्मा समाज का भव्य सम्मेलन, एकजुटता का संदेश गूंजा

महराजगंज के नौतनवा में विश्वकर्मा आर्मी के बैनर तले आयोजित भव्य परिवार सम्मेलन में समाज की एकजुटता, शिक्षा और विकास पर जोर दिया गया। कार्यक्रम में सुभासपा नेता डॉ. धनश्याम विश्वकर्मा ने समाज को संगठित होकर आगे बढ़ने और शिक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी देखने को मिली।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 8 June 2026, 2:14 AM IST
google-preferred

Maharajganj : जनपद के नौतनवा स्थित जिला परिषद डाक बंगला परिसर रविवार को उस समय सामाजिक गतिविधियों का केंद्र बन गया जब विश्वकर्मा आर्मी के बैनर तले भव्य स्वागत समारोह और परिवार सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में पूरे क्षेत्र से बड़ी संख्या में विश्वकर्मा समाज के लोग शामिल हुए। जिससे माहौल पूरी तरह उत्साहपूर्ण और जोश से भरा नजर आया।

मुख्य अतिथियों की मौजूदगी से बढ़ा कार्यक्रम का महत्व

कार्यक्रम में सुभासपा के प्रदेश महासचिव डॉ. धनश्याम विश्वकर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि आजमगढ़ से अमित कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में पहुंचे। दोनों अतिथियों का आयोजकों द्वारा गर्मजोशी से स्वागत किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत परंपरागत तरीके से हुई। जहां डॉ. धनश्याम विश्वकर्मा ने भगवान विश्वकर्मा के चित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्वलित किया।

ग्राम पंचायत अधिकारी संघ महराजगंज की कमान फिर चंद्रशेखर सिंह के हाथों में, DPRO की मौजूदगी में सर्वसम्मति से बने अध्यक्ष

समाज की एकजुटता पर दिया गया बड़ा संदेश

अपने संबोधन में डॉ. धनश्याम विश्वकर्मा ने समाज को एकजुट रहने की अपील करते हुए कहा कि आपसी मतभेद भुलाकर समाज को आगे बढ़ाना ही असली प्रगति है। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह सबसे बड़ा हथियार है जिससे समाज अपनी नई पहचान बना सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि लोग भले ही कम खाएं, लेकिन बच्चों की शिक्षा पर किसी भी हाल में समझौता न करें।

विकास और सामाजिक सुविधा का किया गया ऐलान

डॉ. धनश्याम विश्वकर्मा ने अपने संबोधन में यह भी घोषणा की कि नौतनवा विधानसभा क्षेत्र में विश्वकर्मा समाज के लिए एक धर्मशाला और पार्क का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे गरीब और जरूरतमंद परिवारों को सामाजिक आयोजनों, विवाह और अन्य कार्यक्रमों में काफी सुविधा मिलेगी और समाज को एक मजबूत आधार मिलेगा।

बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद

कार्यक्रम में उपाध्यक्ष उमेश चंद्र विश्वकर्मा, दुर्गेश वर्मा, संरक्षक सुनील शर्मा, जिलाध्यक्ष रोहन शर्मा, सागर विश्वकर्मा, अभिमन्यु शर्मा, रमेश चंद्र विश्वकर्मा सहित कई पदाधिकारी और समाज के सैकड़ों लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने समाज की एकता और विकास के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लिया।

Location :  Maharajganj

Published :  8 June 2026, 2:14 AM IST

Advertisement