उन्नाव साधु हत्याकांड का मास्टरमाइंड ढेर! पुलिस एनकाउंटर में एक लाख का इनामी इसराइल मारा गया

उन्नाव में साधु मिलनदास हत्याकांड के मुख्य आरोपी और एक लाख के इनामी बदमाश इसराइल उर्फ इजराइल को पुलिस ने मुठभेड़ में ढेर कर दिया। आगरा एक्सप्रेस-वे के पास पुलिस टीम ने आरोपी को घेरकर सरेंडर करने को कहा, लेकिन उसने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल हुआ और अस्पताल पहुंचने से पहले उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मौके से तमंचा, कारतूस और हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद किया है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 15 June 2026, 9:20 AM IST
google-preferred

Unnao: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में साधु मिलनदास हत्याकांड के मुख्य आरोपी इसराइल उर्फ इजराइल का पुलिस ने एनकाउंटर कर दिया है। एक लाख रुपये के इनामी बदमाश को पुलिस टीम ने आगरा एक्सप्रेस-वे के पास घेर लिया था। पुलिस के मुताबिक आरोपी को आत्मसमर्पण करने का मौका दिया गया, लेकिन उसने कानून के सामने झुकने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से आरोपी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल

पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह के अनुसार 15 जून की तड़के करीब 3 बजकर 40 मिनट पर बांगरमऊ थाना पुलिस और एसओजी टीम संदिग्ध लोगों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि बाबा मिलनदास हत्याकांड का फरार आरोपी इसराइल उर्फ इजराइल आगरा एक्सप्रेस-वे सर्विस रोड पर ताजपुर अंडरपास के पास मौजूद है।

औरैया में एनकाउंटर: हत्या का आरोपी मुठभेड़ में घायल, हत्या केस में था फरार

जवाबी कार्रवाई में हुआ ढेर

पुलिस के मुताबिक इसराइल ने खुद को बचाने के लिए लगातार गोलियां चलाईं। उसकी फायरिंग से पुलिस टीम पर खतरा पैदा हो गया। इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान गोली लगने से आरोपी घायल हो गया और मौके पर ही गिर पड़ा। घायल आरोपी को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बांगरमऊ ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान एक गोली उप निरीक्षक न्यूटन कुमार सिंह की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी। वहीं एसओजी टीम के आरक्षी विकास भदौरिया के हाथ में गोली लगी है, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

भजन-कीर्तन को लेकर चल रही थी पुरानी रंजिश

बता दें कि यह पूरा मामला बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के घूरे टोला गांव का है। यहां साधु मिलनदास अपने घर के पास अपनी जमीन पर मंदिर निर्माण करवा रहे थे। बताया जा रहा है कि मंदिर में होने वाले भजन-कीर्तन को लेकर पड़ोस में रहने वाले कुछ लोगों को आपत्ति थी। इसी बात को लेकर साधु मिलनदास और कुछ लोगों के बीच विवाद चल रहा था। आरोप है कि इसी रंजिश के चलते 9 जून को आरोपियों ने साधु को बुलाया और चाकुओं से हमला कर दिया। दिनदहाड़े हुई इस हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी।

झांसी में पुलिस का शिकंजा, सीपरी बाजार हत्याकांड एनकाउंटर में मुख्य आरोपी गिरफ्तार

पुलिस कर रही है मामले की आगे जांच

साधु हत्याकांड के बाद पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। आखिरकार मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने उसे घेर लिया। मुठभेड़ के बाद अब पुलिस बरामद सामान और अन्य सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।

Location :  Unnao

Published :  15 June 2026, 9:20 AM IST

Advertisement