बरेली में पत्नी से विवाद के बाद युवक ने दी जान, कमरे में फंदे से लटका मिला दो बच्चों का पिता

बरेली के बारादरी थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के चलते एक युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। युवक का शव घर की दूसरी मंजिल पर बने कमरे में फंदे से लटका मिला। मृतक के भाई ने पत्नी पर लंबे समय से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 18 August 2026, 9:00 PM IST
google-preferred

Bareilly News: बरेली बारादरी थाना क्षेत्र में घरेलू कलह से परेशान दो नाबालिग बच्चों के पिता ने फांसी लगाकर जान दे दी। मंगलवार सुबह युवक का शव घर की दूसरी मंजिल पर बने कमरे में फंदे से लटका मिला तो परिवार में चीख-पुकार मच गई। मृतक के बड़े भाई ने पत्नी से लंबे समय से विवाद और प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। हालांकि पुलिस को अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

बरेली बारादरी के रोधीटोला निवासी पुनीत पुत्र महेश चंद ने बताया कि उसका छोटा भाई गोविंद दिनेश नमकीन गोदाम में मजदूरी करता था। करीब सात साल पहले उसकी शादी पड़ोस में रहने वाली नैनसी से हुई थी। दोनों के दो नाबालिग बच्चे हैं। परिवार के मुताबिक शादी के कुछ समय बाद ही पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया था।

झगड़े के बाद मायके चली जाती थी पत्नी

मृतक के बड़े भाई पुनीत का आरोप है कि गोविंद और उसकी पत्नी के बीच आए दिन कहासुनी और झगड़ा होता था। विवाद बढ़ने पर पत्नी मायके चली जाती और कुछ समय बाद वापस आ जाती थी। यह सिलसिला काफी समय से चल रहा था। भाई का दावा है कि लगातार घरेलू विवाद के कारण गोविंद परेशान रहने लगा था। परिजनों के मुताबिक मंगलवार सुबह गोविंद घर की दूसरी मंजिल पर बने कमरे में गया था। कुछ समय बाद उसका शव फंदे से लटका मिला। घटना का पता चलते ही परिवार में कोहराम मच गया। आसपास के लोग भी मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलते ही बारादरी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया।

शव पोस्टमार्टम को भेजा, रिपोर्ट से खुलेगी मौत की वजह

पुलिस ने घटनास्थल पर आवश्यक कार्रवाई और पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। साथ ही परिजनों की ओर से लगाए जा रहे आरोपों की भी जांच की जाएगी। बारादरी इंस्पेक्टर बिजेंद्र सिंह ने बताया कि अभी तक इस मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर उसमें लगाए गए आरोपों की जांच की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Bareilly

Published :  18 August 2026, 9:00 PM IST

Advertisement