सावधान! बरसात में बढ़ा सर्पदंश का खतरा, तीन लोगों को सांप ने डसा

बरसात के बीच हाथरस में सर्पदंश की घटनाओं ने चिंता बढ़ा दी है। मंगलवार को अलग-अलग जगहों पर दो युवतियों समेत तीन लोगों को सांप ने डस लिया। खेत में काम करने से लेकर घर में उपले निकालने तक, सांप के हमले ने लोगों को चौंका दिया।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 18 August 2026, 7:27 PM IST
google-preferred

Hathras: बरसात का मौसम जहां लोगों को गर्मी से राहत देता है, वहीं खेत-खलिहानों और घरों के आसपास रहने वालों के लिए नई परेशानी भी लेकर आता है। बारिश के बीच सांपों के बिलों में पानी भरने के कारण सर्पदंश की घटनाएं बढ़ने लगी हैं। मंगलवार को हाथरस में अलग-अलग स्थानों पर सांप के डसने से दो युवतियों समेत तीन लोग घायल हो गए। तीनों को परिजनों ने आनन-फानन में जिला अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया।

घर में उपले निकाल रही थी अनीता

थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव ऐंहन निवासी 17 वर्षीय अनीता पुत्री कोमल प्रसाद मंगलवार को घर पर उपले निकाल रही थी। इसी दौरान अचानक सांप ने उसे डस लिया। घटना के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई। परिजन बिना समय गंवाए अनीता को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे इमरजेंसी में भर्ती कर उपचार शुरू किया।

परिजनों के मुताबिक, अनीता को इससे पहले भी सांप काट चुका है। इसके बावजूद मंगलवार को हुई घटना ने परिवार की चिंता बढ़ा दी।

खेत में भिंडी तोड़ते समय नूतन को डसा

दूसरी घटना अमरपुर घना गांव की है। यहां रहने वाली 19 वर्षीय नूतन पुत्री भूरी सिंह मंगलवार को खेत में भिंडी तोड़ने गई थी। खेत में काम करने के दौरान अचानक सांप ने उसे डस लिया। सर्पदंश के बाद नूतन की हालत बिगड़ने लगी। जानकारी मिलते ही परिजन उसे तुरंत जिला अस्पताल की इमरजेंसी लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने उसकी हालत पर नजर रखते हुए उपचार शुरू कर दिया।

ये भी पढ़ें- ‘तुम डीएम नहीं बनोगी…’ KGBV में दलित छात्राओं से जातिसूचक गाली और झाड़ू-पोंछा कराने का आरोप, DM तक पहुंचा मामला

खेत में काम कर रहा था विक्रम

तीसरी घटना नगला केशों गांव की बताई गई है। यहां के रहने वाले 22 वर्षीय विक्रम पुत्र साहब सिंह खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान सांप ने उन्हें भी डस लिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।

तीनों घायलों को इमरजेंसी में भर्ती कर चिकित्सकों की निगरानी में उपचार दिया जा रहा है। फिलहाल अस्पताल में तीनों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

बारिश में क्यों बढ़ जाता है सांपों का खतरा?

बरसात के दौरान सांपों के बिलों में पानी भर जाता है। ऐसे में वे सूखी और सुरक्षित जगह की तलाश में खेतों, घास-फूस, घरों और आसपास के इलाकों में पहुंच सकते हैं। यही वजह है कि बारिश के मौसम में खेतों में काम करने और घर के आसपास सामान हटाने के दौरान अतिरिक्त सावधानी जरूरी हो जाती है। खासकर रात में जमीन पर चलते समय रोशनी का इस्तेमाल करना और घास-फूस या ऐसे स्थानों पर हाथ डालने से बचना चाहिए, जहां सांप छिपे हो सकते हैं।

ये भी पढ़ें- शादी का वादा कर महिला से बनाया संबंध, विरोध किया तो मारपीट और धमकी… अब गोरखपुर पुलिस ने आरोपी को दबोचा

सर्पदंश के बाद देरी न करें

सांप के काटने की स्थिति में झाड़-फूंक या घरेलू इलाज के भरोसे समय गंवाने के बजाय घायल व्यक्ति को जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचाना जरूरी है। हाथरस की इन घटनाओं ने एक बार फिर बरसात के मौसम में सावधानी बरतने की जरूरत सामने ला दी है। खेतों और घरों के आसपास रहने वाले लोगों के लिए यह समय खास सतर्क रहने का है।

Location :  Hathras

Published :  18 August 2026, 7:27 PM IST

Advertisement