‘तुम डीएम नहीं बनोगी…’ KGBV में दलित छात्राओं से जातिसूचक गाली और झाड़ू-पोंछा कराने का आरोप, DM तक पहुंचा मामला

फतेहपुर के रामपुर थरियांव स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में दलित छात्राओं से जातिसूचक टिप्पणी, पर्याप्त खाना नहीं देने और झाड़ू-पोंछा व बाथरूम साफ कराने के आरोप लगे हैं। पीड़ित परिवार ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। आरोपों की पुष्टि प्रशासनिक जांच के बाद ही होगी।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 18 August 2026, 7:16 PM IST
google-preferred

Fatehpur: सरकारी आवासीय विद्यालय में पढ़कर अपना भविष्य संवारने पहुंची छात्राओं के साथ कथित तौर पर ऐसा व्यवहार हुआ, जिसने शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फतेहपुर के रामपुर थरियांव स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में दलित छात्राओं से जातिसूचक शब्द कहने, भरपेट खाना नहीं देने और झाड़ू-पोंछा कराने के आरोप सामने आए हैं। इतना ही नहीं, छात्राओं से बाथरूम तक साफ कराने का आरोप लगाया गया है।

शिकायत के बाद रंजिश का आरोप

मामला असोथर ब्लॉक के सतो गांव से जुड़ा बताया जा रहा है। पीड़िता गीता देवी के मुताबिक, उनके दिवंगत बेटे प्रीतम कुमार की बेटियां किरण और कशिश तथा एक अन्य छात्रा अंजली रामपुर थरियांव स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में पढ़ती हैं। परिवार का कहना है कि इससे पहले भी विद्यालय में मिलने वाले खाने और उसकी गुणवत्ता को लेकर अभिभावकों की ओर से शिकायत की गई थी। शिकायत के बाद मामले की जांच भी हुई थी। आरोप है कि इसी के बाद से विद्यालय प्रशासन छात्राओं से नाराज रहने लगा और उन्हें कथित तौर पर परेशान किया जाने लगा।

कार गिरवी रख ऑनलाइन जुए में लाखों हारा, घर का सामान तक बेच डाला… फतेहपुर में सुबह पेड़ से लटका मिला युवक

खाना मांगने पर बाहर निकालने की धमकी का आरोप

शिकायत के मुताबिक, छात्राओं को पर्याप्त खाना नहीं दिए जाने की बात सामने आई है। आरोप है कि जब छात्राएं भोजन की मांग करती थीं तो उन्हें कथित तौर पर खाना नहीं देने और विद्यालय से बाहर निकालने की धमकी दी जाती थी। परिवार का यह भी आरोप है कि जब छात्राएं इस व्यवहार का विरोध करती थीं तो बड़ी छात्राओं के जरिए उनकी पिटाई कराई जाती थी। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

‘तुम्हारी जात ही सफाई करने के लिए है’ कहने का आरोप

मामले को सबसे गंभीर बनाने वाला आरोप जातिसूचक टिप्पणी का है। गीता देवी का आरोप है कि छात्राओं को उनकी जाति का हवाला देकर अपमानित किया गया। शिकायतकर्ता के अनुसार, छात्राओं से कथित तौर पर कहा गया कि “पढ़-लिखकर तुम डीएम नहीं बनोगी, तुम्हारी जात ही सफाई करने के लिए है, तुम सफाई ही करोगी।”

घर में घुसकर आबरू पर वार, आवाज उठाई तो ढहाया जुल्म!” फतेहपुर में महिला से छेड़खानी के बाद दबंग का खूनी तांडव

झाड़ू-पोंछा और बाथरूम साफ कराने का आरोप

परिवार का आरोप है कि छात्राओं से पढ़ाई के बजाय झाड़ू-पोंछा कराया जाता था। यहां तक कि विद्यालय के बाथरूम की सफाई भी छात्राओं से कराने की बात कही गई है। अभिभावकों का कहना है कि सरकार की ओर से कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालयों का संचालन ऐसे बच्चों को शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए किया जाता है, जो सामाजिक और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आते हैं।

डीएम कार्यालय पहुंचा पीड़ित परिवार

मामले को लेकर पीड़ित परिवार सोमवार को जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचा। परिवार ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। परिजनों का कहना है कि उनकी बच्चियां पढ़ने के लिए विद्यालय गई हैं और उन्हें वहां सुरक्षित माहौल मिलना चाहिए। परिवार चाहता है कि मामले की निष्पक्ष जांच हो और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।

Location :  Fatehpur

Published :  18 August 2026, 7:16 PM IST

Related News

Advertisement