कार गिरवी रख ऑनलाइन जुए में लाखों हारा, घर का सामान तक बेच डाला… फतेहपुर में सुबह पेड़ से लटका मिला युवक

फतेहपुर के चांदपुर थाना क्षेत्र में ऑनलाइन जुए की लत के चलते 35 वर्षीय युवक की मौत का मामला सामने आया है। परिजनों के मुताबिक युवक ऑनलाइन जुए में लाखों रुपये हार चुका था। उसने अपनी कार गिरवी रखने के साथ घर का सामान भी बेच दिया था। सोमवार शाम घर से निकलने के बाद मंगलवार सुबह उसका शव बाग में आम के पेड़ से लटका मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 18 August 2026, 2:31 PM IST
google-preferred

Fatehpur: फतेहपुर में मोबाइल पर चलने वाले ऑनलाइन जुए के कथित चक्कर ने एक परिवार को ऐसा जख्म दिया है, जिसे भरना आसान नहीं होगा। 35 साल का शशि कुमार सोमवार शाम घर से निकला था। परिजनों को उम्मीद थी कि वह जल्द वापस लौट आएगा, लेकिन अगली सुबह जो खबर मिली, उसने पूरे परिवार को हिलाकर रख दिया। हरिजनपुर गांव के बाहर एक बाग में आम के पेड़ से शशि का शव लटका मिला।

उधार लेने की बात कहकर निकला था

चांदपुर थाना क्षेत्र के गौरा गांव निवासी पूर्व ग्राम प्रधान धनीराम के 35 वर्षीय बेटे शशि कुमार के परिवार में पत्नी उषा, बेटा उत्कर्ष और बेटी उर्वशी हैं। परिजनों के मुताबिक, सोमवार शाम शशि अपने पिता का मोबाइल फोन लेकर घर से निकला था। उसने किसी व्यक्ति से रुपये उधार लेने की बात कही थी। शाम करीब छह बजे तक परिवार के लोगों से उसकी फोन पर बातचीत भी हुई। इसके बाद अचानक उसका मोबाइल बंद हो गया।

घर में घुसकर आबरू पर वार, आवाज उठाई तो ढहाया जुल्म!” फतेहपुर में महिला से छेड़खानी के बाद दबंग का खूनी तांडव

सुबह बाग में पेड़ से लटका मिला शव

मंगलवार सुबह करीब नौ बजे एक ग्रामीण की नजर बाग में पेड़ से लटके शव पर पड़ी। उसने तुरंत गांव के दूसरे लोगों को सूचना दी। कुछ ही देर में मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। परिजनों को सूचना दी गई तो घर में कोहराम मच गया। मौके पर शशि की बाइक भी खड़ी मिली। पुलिस को भी घटना की जानकारी दी गई, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया।

कार गिरवी रखने से लेकर घर का सामान बेचने तक का दावा

शशि के पिता धनीराम के मुताबिक, उनका बेटा ऑनलाइन जुआ खेलने का आदी हो गया था। परिवार का दावा है कि जुए में लगातार पैसे हारने के बाद उसने अपनी स्विफ्ट डिजायर कार गिरवी रख दी थी। परिजनों के अनुसार, इसके बाद भी आर्थिक नुकसान नहीं रुका और धीरे-धीरे उसने घर का सामान तक बेचना शुरू कर दिया। लाखों रुपये गंवाने के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया था।

मोहब्बत का नकाब पहनकर मिटाता रहा हवस, फतेहपुर में गिड़गिड़ाती रही पीड़िता, अब कानून सिखाएगा सबक

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

शशि की करीब आठ साल पहले शादी हुई थी। उसकी पत्नी उषा और दो बच्चे हैं। पति की मौत के बाद पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस परिवार को कुछ समय पहले तक अपने भविष्य की चिंता थी, अब उसके सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि आगे जिंदगी कैसे चलेगी। ग्रामीणों के बीच भी घटना को लेकर चर्चा है और लोग ऑनलाइन जुए की बढ़ती लत को लेकर चिंता जता रहे हैं।

जांच के बाद साफ होगी पूरी तस्वीर

चांदपुर थाना प्रभारी वृंदावन राय ने बताया कि परिजनों की ओर से अभी किसी व्यक्ति के खिलाफ कोई आरोप नहीं लगाया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस युवक के मोबाइल फोन, आर्थिक लेनदेन और उसके संपर्क में रहे लोगों की जानकारी जुटा सकती है।

Location :  Fatehpur

Published :  18 August 2026, 2:31 PM IST

Related News

Advertisement