फतेहपुर ट्रिपल मर्डर केस में बड़ा एक्शन, अस्पताल से कोर्ट तक छावनी बना शहर; पढ़ें पूरी खबर

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में चर्चित ट्रिपल मर्डर केस में पुलिस ने चार अधिवक्ताओं को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया। सुरक्षा के कड़े इंतजाम के बीच जिला अस्पताल से कोर्ट तक भारी पुलिस बल तैनात रहा। पेशी के दौरान वकीलों में नाराजगी भी देखने को मिली, जबकि मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

Post Published By: Bobby Raj
Updated : 12 March 2026, 10:52 PM IST
google-preferred

Fatehpur: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में चर्चित ट्रिपल मर्डर मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें चारों आरोपी पेशे से अधिवक्ता बताए जा रहे हैं। पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर मेडिकल परीक्षण कराया और कड़ी सुरक्षा के बीच न्यायालय में पेश किया।

यह मामला सदर कोतवाली क्षेत्र के चौफेरवा गांव से जुड़ा है, जहां हुए ट्रिपल मर्डर ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी थी। इस मामले में मृतक अमर के पिता सुनील की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। जांच के दौरान सामने आए तथ्यों और सुसाइड नोट के आधार पर पुलिस ने पप्पू, संजय सिंह, शुभम और सोनू को आरोपी बनाते हुए गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मृतक के पास से मिले सुसाइड नोट को जांच में अहम साक्ष्य माना गया है। इसी आधार पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें हिरासत में लिया गया और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की गई।

अस्पताल से कोर्ट तक सुरक्षा का कड़ा घेरा

चारों आरोपियों के नाम सामने आने के बाद जिले में माहौल संवेदनशील हो गया था। इसी वजह से पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए। जिला अस्पताल से लेकर न्यायालय परिसर तक भारी पुलिस बल तैनात किया गया और पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया। पुलिस ने किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पीएसी (PAC) के जवानों के साथ-साथ कई थानों की फोर्स को भी मौके पर तैनात किया।

UP STF को मिली कामयाबी: लंबे समय से फरार शातिर चोर दबोचा, खोला चोरी का पूरा नेटवर्क

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों को सुरक्षित तरीके से मेडिकल कराने के बाद कोर्ट में पेश किया गया। पूरे घटनाक्रम के दौरान सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क रहीं। पुलिस की निगरानी में आरोपियों को कोर्ट तक ले जाया गया, ताकि कानून व्यवस्था पर कोई असर न पड़े।

कोर्ट परिसर में हंगामा

जब पुलिस आरोपियों को कोर्ट में पेश करने पहुंची तो वहां बड़ी संख्या में वकील मौजूद थे। इसी दौरान माहौल कुछ देर के लिए तनावपूर्ण हो गया और कथित तौर पर धक्का-मुक्की की स्थिति भी बन गई। कोर्ट परिसर में कुछ समय के लिए हंगामा भी देखने को मिला। हालांकि वरिष्ठ अधिवक्ताओं के हस्तक्षेप के बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया। इसके बाद चारों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां उनके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की गई।

अखिलेश यादव का नया मिशन: नोएडा में सपा की रैली होगी हिट! वेस्ट यूपी के जुटेंगे एक लाख लोग

पेशी पूरी होने के बाद अदालत के आदेश पर चारों आरोपियों को जिला कारागार भेज दिया गया। वहीं इस मामले में एक अन्य आरोपी राहुल श्रीवास्तव अभी भी फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई गई हैं और जल्द ही उसे भी पकड़ लिया जाएगा। वहीं ट्रिपल मर्डर मामले की जांच अभी जारी है और पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई कर रही है।

Location : 
  • Fatehpur

Published : 
  • 12 March 2026, 10:52 PM IST

Advertisement