UP STF को मिली कामयाबी: लंबे समय से फरार शातिर चोर दबोचा, खोला चोरी का पूरा नेटवर्क

उत्तर प्रदेश STF को बड़ी सफलता मिली है। हरदोई जिले में ज्वेलर्स की दुकान में चोरी के मामले में वांछित चल रहे शातिर अपराधी को बरेली से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी लंबे समय से फरार था और अलग-अलग राज्यों में घूमकर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। STF की पूछताछ में आरोपी ने कई अहम खुलासे किए हैं।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 12 March 2026, 9:50 PM IST
google-preferred

Hardoi: चोरी की वारदातों से जुड़े एक शातिर अपराधी को आखिरकार एसटीएफ ने दबोच लिया। लंबे समय से फरार चल रहा यह बदमाश अलग-अलग जिलों में घूमकर दुकानों और घरों की रेकी करता था और मौका मिलते ही चोरी की वारदात को अंजाम देता था। पुलिस को इसकी तलाश काफी समय से थी। गुरुवार को एसटीएफ की टीम ने घेराबंदी कर इसे बरेली के सैटेलाइट बस अड्डे के पास से गिरफ्तार कर लिया।

हरदोई के केस में था वांछित

गिरफ्तार आरोपी की पहचान गंगाराम पुत्र पूरन के रूप में हुई है। यह शाहजहांपुर जिले के निगोही थाना क्षेत्र के मिलकिया गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी हरदोई जिले के कछौना थाना क्षेत्र में दर्ज एक चोरी के मामले में वांछित चल रहा था। इस केस में ज्वेलर्स की दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया था और तभी से पुलिस इसकी तलाश में जुटी हुई थी।

एसटीएफ को मिली थी पुख्ता सूचना

STF को सूचना मिली थी कि वांछित आरोपी बरेली-शाहजहांपुर हाईवे के रास्ते कहीं जाने की फिराक में है। सूचना मिलते ही STF की टीम सक्रिय हो गई और इलाके में घेराबंदी कर दी गई। इसके बाद सैटेलाइट बस अड्डे के पास संदिग्ध व्यक्ति को रोककर पूछताछ की गई तो उसकी पहचान गंगाराम के रूप में हुई। इसके बाद टीम ने उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया।

UP STF का बड़ा एक्शन: यूपी का कुख्यात गो-तस्कर एमपी से गिरफ्तार, जानें 50 हजार का इनामी कैसे दे रहा था पुलिस को चकमा

पूछताछ में खुला चोरी का पूरा नेटवर्क

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका एक गिरोह है, जो अलग-अलग राज्यों में घूमकर मोटरसाइकिल या साइकिल से फेरी लगाने का काम करता है। इसी बहाने ये लोग बाजारों और दुकानों की रेकी करते हैं। जब मौका मिलता है तो ज्वेलर्स की दुकानों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और घरों को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम देते हैं।

कई जिलों में दर्ज हैं मुकदमे

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपी के खिलाफ कई जिलों में पहले से ही दर्जनों आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें चोरी, लूट, हथियार अधिनियम और गैंगस्टर एक्ट से जुड़े मामले भी शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि फिलहाल STF आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और उसके अन्य साथियों की तलाश में भी दबिश दी जा रही है

Location : 
  • Hardoi

Published : 
  • 12 March 2026, 9:50 PM IST

Advertisement