हिंदी
विद्यालय जा रही युवती को रास्ते में रोककर अभद्रता (Img: Dynamite News)
Mainpuri: जनपद मैनपुरी के कुरावली थाना क्षेत्र के ग्राम प्रेमपुर में विद्यालय जा रही एक युवती को रास्ते में रोककर परेशान करने और मोबाइल नंबर मांगने का मामला सामने आया है। युवती ने गांव के कुछ युवकों पर अभद्रता करने और विरोध के बावजूद उसे लगातार परेशान करने का आरोप लगाया है। मामला उस समय और गंभीर हो गया, जब युवती के भाई ने इसका विरोध किया और आरोप है कि उसके साथ लाठी-डंडों से मारपीट कर दी गई।
पीड़िता शालू पुत्री धर्मेंद्र सिंह ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के मुताबिक, 2 सितंबर 2026 को शालू घर से विद्यालय जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में गांव के ही आकाश और विजय कुमार ने कथित तौर पर उसे रोक लिया।
ये भी पढ़ें- Video: यूपी चुनाव के महासंग्राम का आगाज, भाजपा लगायेगी हैट्रिक या अखिलेश रोकेंगे योगी का विजयी रथ?
आरोप है कि दोनों ने युवती का मोबाइल छीन लिया और उसका नंबर लेने के साथ बातचीत करने का दबाव बनाया। जब युवती ने इसका विरोध किया तो उसके साथ कथित तौर पर अभद्र और अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया।पीड़िता का आरोप है कि घटना के बाद भी उसे रास्ते में रोककर परेशान किया जाता रहा। इतना ही नहीं, आरोपियों पर विद्यालय जाने से रोकने का प्रयास करने का भी आरोप लगाया गया है।
शिकायत के अनुसार, 3 सितंबर को करीब 10 बजे शालू अपने भाई कन्हैया के साथ जा रही थी। इसी दौरान गांव के विकास, विनय, शेरू और रामदीन ने कथित तौर पर गाली-गलौज शुरू कर दी। शोर सुनकर जब कन्हैया मौके पर पहुंचा और मामले का विरोध किया तो आरोप है कि आरोपियों ने उसके साथ लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी। मारपीट में कन्हैया के शरीर पर चोटें आईं। पीड़िता का आरोप है कि घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग गए।
ये भी पढ़ें- “प्रतापगढ़ में ‘बच्चा पार्टी’ का महा-धमाका!” जन्माष्टमी पर थिरके लोग; मटकी फोड़ के रोमांच से थर्रा उठा शहर
पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उसने आरोपियों के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर आवश्यक धाराएं बढ़ाने, गिरफ्तारी करने और अपनी तथा अपने भाई की सुरक्षा सुनिश्चित करने की गुहार लगाई है।
मामले में थाना करहल में मुकदमा संख्या 0383/2026 दर्ज बताया गया है। इसमें भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 352 और 351(3) के तहत कार्रवाई की गई है।
Location : Mainpuri
Published : 5 September 2026, 5:30 PM IST