हिंदी
घटनास्थल पर जुटी भीड़ (Img: Dynamite News)
Basti: कप्तानगंज थाना क्षेत्र के दुबौली मिश्र गांव में शनिवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक विवाहिता का शव घर के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। महिला की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं, जिनका जवाब फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मिलने की उम्मीद है।
जानकारी के मुताबिक दुबौली मिश्र गांव निवासी रिद्धि देवी (29) पत्नी शिवकुमार का शव घर में फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना पीआरबी के माध्यम से पुलिस को दी गई। जानकारी मिलते ही कप्तानगंज थानाध्यक्ष आलोक कुमार श्रीवास्तव पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
ये भी पढ़ें- “शिक्षक सिर्फ पढ़ाते नहीं, भविष्य भी गढ़ते हैं”, गोरखपुर में 81 शिक्षकों को सीएम योगी ने किया सम्मानित
पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाने की कोशिश की। इसके बाद शव को नीचे उतारकर कब्जे में लिया गया। पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, महिला ने यह कदम क्यों उठाया और उसकी मौत के पीछे असल वजह क्या थी, इसे लेकर अभी स्थिति पूरी तरह साफ नहीं है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
थानाध्यक्ष आलोक कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मामले में नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सही वजह स्पष्ट हो सकेगी। वहीं, विवाहिता की अचानक हुई मौत से गांव में भी चर्चा का माहौल है।
Location : Basti
Published : 5 September 2026, 3:43 PM IST
Topics : basti news Kaptanganj News married woman death