हिंदी
पिता को जबरन ले जाकर बंधक बनाने का आरोप (Img: Dynamite News)
Mainpuri: जमीन के विवाद से जुड़ा एक मामला अब पुलिस अधीक्षक के दरबार तक पहुंच गया है। थाना औंछा क्षेत्र के नगला कन्हीं निवासी ब्रेसव सिंह ने एसपी को शिकायती पत्र देकर कुछ लोगों पर अपने पिता को जबरन घर से ले जाने, बंधक बनाकर रखने और मारपीट करने का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता ने पूरे मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और अपने परिवार की सुरक्षा की मांग की है।
शिकायत के मुताबिक, 21 सितंबर 2026 को ब्रेसव सिंह के भाई सुदेश कुमार, महेश चंद्र, डालचंद, संजू और सुदेश के साले पर पिता को जबरन चार पहिया वाहन में बैठाकर ले जाने का आरोप लगाया गया है। बेटे का दावा है कि उसके पिता को पहले मैनपुरी से ग्राम मिश्रापुर, कन्नौज ले जाया गया। आरोप है कि वहां उन्हें दो से तीन दिन तक रखा गया। इसके बाद वापस मैनपुरी लाकर शैलू चौहान के घर के एक कमरे में बंद कर दिया गया।
ये भी पढ़ें- कानपुर सेंट्रल पर अचानक मचा हंगामा, नाबालिग को बिहार ले जाने के आरोप में 5 युवक हिरासत में
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि उसके पिता को कमरे में कथित तौर पर फौजी सुदेश और उसके साले की निगरानी में रखा गया था। इसी दौरान जमीन का बैनामा फौजी सुदेश के नाम करने के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया गया है। ब्रेसव सिंह के मुताबिक, जमीन का बैनामा करने से इनकार करने पर उसके पिता को जान से मारने की धमकी भी दी गई। हालांकि, शिकायत में लगाए गए इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।
शिकायत में आगे कहा गया है कि सुदेश, संजू, डालचंद, महेश चंद्र और शैलू चौहान कथित तौर पर उसके पिता को गाड़ी में बैठाकर थाना औंछा ले गए। शिकायतकर्ता का आरोप है कि वहां दबाव बनाकर उसके पिता से यह कहलवाया गया कि वह अपनी मर्जी से गए थे। ब्रेसव सिंह ने यह भी दावा किया है कि जब वह बाद में अपने पिता से मिला तो उनके हाथ-पैर पर चोट के निशान दिखाई दिए। इन्हीं परिस्थितियों को लेकर उसने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
ये भी पढ़ें- बदायूं में प्राचीन शिव मंदिर की चारदीवारी टूटी, पहले से चल रहा था विवाद; अब पुजारी ने पुलिस से लगाई गुहार
शिकायतकर्ता के अनुसार, घटना के बाद वह खुद भी डर की वजह से रातभर छिपकर रहा। अगले दिन मकान मालिक की मदद से वह अपने पिता तक पहुंच सका। इसके बाद उसने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर पूरे मामले की जांच कराने, आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और अपनी जान की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
Location : Mainpuri
Published : 29 September 2026, 2:41 PM IST