हिंदी
गंगा एक्सप्रेसवे पर पलटी बस
Hardoi: उत्तरप्रदेश के हरदोई जिले के बिलग्राम क्षेत्र में मंगलवार तड़के करीब साढ़े चार बजे गंगा एक्सप्रेसवे पर बड़ा सड़क हादसा हो गया। दिल्ली से लखनऊ जा रही एक डबल डेकर बस 329 कट के पास अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
आसपास मौजूद लोगों ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला।
ये भी पढ़ें: SIR और Form 6 पर घमासान, CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने दी सुनवाई की तारीख
हादसे में कुल 17 यात्री घायल हुए हैं। घायलों में मयंक, अमरेश पांडेय, सुधा पांडेय, ममता शर्मा, नैना शर्मा, निष्ठा, आरती, कविता, राहुल, कुशल, सुमित शर्मा, तुषार श्रीवास्तव, अभिषेक, अपूर्व श्रीवास्तव, राम सिंह, विवेक और अन्नू शामिल हैं। पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) बिलग्राम पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार शुरू किया।
प्राथमिक उपचार के बाद राम सिंह और विवेक कुमार की हालत गंभीर बताई गई। चिकित्सकों ने दोनों को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं, अन्य घायलों का उपचार सीएचसी बिलग्राम में किया गया। हादसे की सूचना मिलने के बाद घायलों के परिजन और परिचित भी अस्पताल पहुंचने लगे।
ये भी पढ़ें: हाथरस में आलू लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से भिड़ंत के बाद हाईवे पर मचा हड़कंप, CNG टैंक में लगी आग
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त बस को सुरक्षित कराया और यातायात व्यवस्था संभाली। पुलिस ने घटनास्थल की स्थिति का जायजा लेने के साथ ही हादसे की वजह की जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जानकारी में बस के अनियंत्रित होकर पलटने की बात सामने आई है। हालांकि, दुर्घटना का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस बस चालक और यात्रियों से भी घटना के संबंध में जानकारी जुटा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Location : Hardoi
Published : 29 September 2026, 1:51 PM IST