मैनपुरी में पीड़ित परिवार खौफ में जीने को हुआ मजबूर, खाकी की चुप्पी पर उठे सवाल, जानिये पूरा मामला

मैनपुरी में कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए दबंगों की एक सनसनीखेज करतूत सामने आई है। रात के अंधेरे में घात लगाकर अंजाम दी गई, इस वारदात ने पीड़ित परिवार की रातों की नींद उड़ा दी है। पुलिस की कार्यशैली पर खड़े हो रहे गंभीर सवालों और लगातार मिल रही धमकियों ने मामले को गरमा दिया है।

Updated : 22 July 2026, 2:09 PM IST
google-preferred

Mainpuri: जनपद मैनपुरी के कुरावली थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए दबंगों की गुंडागर्दी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गांव पहाड़पुर (पोस्ट बेलाहर) के रहने वाले पीड़ित रवि कुमार सिंह चौहान के साथ न केवल बेदर्दी से मारपीट की गई, बल्कि उनसे 32 हजार रुपये की नकदी भी लूट ली गई।

मिली जानकारी के मुताबिक, रवि कुमार कुरावली-बेलाहर मार्ग पर स्थित एक कटहल ठेके पर काम करता है। बीते 18 जुलाई 2026 की रात लगभग 8:30 बजे जब वह दिनभर के कामकाज के बाद ठेका बंद करके अपने घर लौट रहा था, तभी ठेके से महज 200 मीटर की दूरी पर पहले से घात लगाए बैठे दबंगों ने उसे घेर लिया।

आरोप है कि गांव के ही बीपी यादव (पुत्र राम सिंह), बसुरा सुल्तानपुर निवासी राजपाल (पुत्र चन्द्रपाल) और उनके दो अन्य अज्ञात साथियों ने अचानक रवि पर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। हमले में रवि गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गया।

यह भी पढ़ें-पहले इसे संभाल लो… कोबरा के काटने के बाद युवक ने जो किया, अस्पताल में हर कोई रह गया दंग

32 हजार रुपये भी लूटे

पीड़ित रवि कुमार सिंह चौहान ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि दबंगों ने केवल मारपीट ही नहीं की, बल्कि उसकी जेब में रखे दिनभर की बिक्री के करीब 32 हजार रुपये भी जबरन निकालकर चंपत हो गए।

वारदात की खबर मिलते ही बदहवास परिजन मौके पर पहुंचे और लहूलुहान हालत में रवि को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद पीड़ित पक्ष की ओर से कुरावली पुलिस थाने में पूरी घटना की लिखित शिकायत दर्ज कराई गई।

फोन पर मिली जान से मारने की धमकी

स्थानीय कुरावली थाना पुलिस की ढीली कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए पीड़ित ने बताया कि घटना के इतने दिन बीत जाने के बाद भी नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पुलिस की इसी ढिलाई का फायदा उठाकर आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और पीड़ित परिवार को लगातार डरा-धमका रहे हैं।

रवि कुमार का आरोप है कि 21 जुलाई 2026 को आरोपी बीपी यादव ने उसे फोन कर साफ लफ्जों में धमकी दी कि यदि दर्ज कराई गई रिपोर्ट वापस नहीं ली गई, तो उसे जान से मार दिया जाएगा। आरोपियों के इस तरह बेखौफ होकर घूमने से पीड़ित और उसका पूरा परिवार खौफ के साये में जीने को मजबूर है।

यह भी पढ़ें-Maharajganj News: महराजगंज में 20 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पुलिस हर पहलू की जांच में जुटी

निष्पक्ष जांच और सख्त धाराओं में कार्रवाई की मांग

स्थानीय थाना पुलिस की भूमिका से असंतुष्ट होकर पीड़ित रवि कुमार सिंह चौहान ने अब मैनपुरी के पुलिस अधीक्षक की चौखट पर दस्तक दी है। शिकायती पत्र सौंपते हुए पीड़ित ने गुहार लगाई है कि मामले की निष्पक्ष जांच कुरावली थाने के बजाय किसी अन्य थाने की पुलिस से कराई जाए।

इसके साथ ही, पीड़ित ने एसपी से मांग की है कि उसकी मेडिकल रिपोर्ट और शरीर पर आई गंभीर चोटों के आधार पर मुकदमे में उचित और कढ़ी धाराएं बढ़ाई जाएं तथा आरोपी बीपी यादव, राजपाल और उनके अज्ञात साथियों के खिलाफ जल्द से जल्द सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाए।

Location :  Mainpuri

Published :  22 July 2026, 2:09 PM IST

Advertisement