हिंदी
सरकारी योजना की तर्ज पर समान सुविधा की मांग (Img: Dynamite News)
Gorakhpur: गोरखपुर में निजी एवं वित्तविहीन विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा की मांग तेज हो गई है। उत्तर प्रदेश वित्तविहीन विद्यालय प्रबंधक संघ की प्रदेश इकाई ने मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन तहसीलदार गोला सत्येंद्र कुमार मौर्य को सौंपकर निजी विद्यालयों के शिक्षकों, शिक्षणेतर कर्मचारियों, रसोइयों, अनुचरों तथा उनके परिवारों को भी सरकारी कैशलेस चिकित्सा योजना में शामिल करने की मांग की है। यह ज्ञापन उप जिलाधिकारी गोला की अनुपस्थिति में तहसीलदार को सौंपा गया।
संघ के ब्लॉक अध्यक्ष हरेंद्र कुमार यादव के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में कहा गया कि प्रदेश सरकार ने परिषदीय विद्यालयों के शिक्षकों, कर्मचारियों, रसोइयों और अनुचरों के लिए प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा देने का जो निर्णय लिया है, वह सराहनीय है। अब इसी योजना का लाभ निजी एवं वित्तविहीन विद्यालयों में कार्यरत कर्मचारियों और उनके परिवारों को भी मिलना चाहिए।
संघ ने कहा कि निजी एवं वित्तविहीन विद्यालयों के शिक्षक और कर्मचारी भी प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। सीमित संसाधनों और अपेक्षाकृत कम वेतन में कार्य करते हुए वे लाखों विद्यार्थियों के भविष्य को संवारने का कार्य कर रहे हैं। इसके बावजूद बीमारी या किसी गंभीर स्वास्थ्य संकट की स्थिति में उन्हें भारी आर्थिक बोझ उठाना पड़ता है। यदि उन्हें भी कैशलेस चिकित्सा सुविधा मिले तो यह उनके और उनके परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित होगी।
ज्ञापन में सरकार से आग्रह किया गया कि शिक्षा के क्षेत्र में समान योगदान देने वाले निजी एवं वित्तविहीन विद्यालयों के शिक्षकों और कर्मचारियों के साथ किसी प्रकार का भेदभाव न किया जाए। संघ का कहना है कि सभी शिक्षकों को समान स्वास्थ्य सुरक्षा मिलनी चाहिए, ताकि वे निश्चिंत होकर विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में अपनी भूमिका निभा सकें।
क्यूआर कोड स्कैनिंग को भूल जाइए! बिना इंटरनेट के सिर्फ एक ‘टैप’ में होगा ऑनलाइन पेमेंट, जानिए कैसे?
संघ ने उम्मीद जताई कि प्रदेश सरकार इस मांग पर सकारात्मक और सहानुभूतिपूर्वक विचार करेगी। हालांकि, साथ ही चेतावनी भी दी गई कि यदि मांग पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो प्रदेशभर में व्यापक आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी। ज्ञापन सौंपने के दौरान राजकुमार जायसवाल, महेश राव, पुनीत मिश्र, एस.पी. गुप्ता, हेमंत कुमार यादव समेत संघ के कई पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।
Location : Gorakhpur
Published : 22 July 2026, 2:58 PM IST