हिंदी
घटनास्थाल पर जांच करती पुलिस (Img: Dynmaite News)
Mainpuri: नगर के जीटी रोड स्थित ग्राम परतापुर के पास बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। युवक अपनी ससुराल जा रहा था, लेकिन मंजिल तक पहुंचने से पहले ही एक अज्ञात वाहन ने उसकी जिंदगी छीन ली। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान मुनव्वर उर्फ राजू पुत्र हनीफ निवासी थाना छिबरामऊ क्षेत्र, जनपद कन्नौज के रूप में हुई है। बताया गया कि राजू अपनी मोटरसाइकिल से भोगांव के मोहल्ला फाजिलगंज स्थित अपनी ससुराल जा रहा था। रास्ते में जब वह जीटी रोड पर ग्राम परतापुर के निकट पहुंचा, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
किस जिले में कटे लाखों वोटर और कहां अचानक बढ़ गई संख्या? पंचायत चुनाव की नई सूची ने चौंकाया
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर बेहद तेज थी। हादसे के बाद राजू सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर चोटों के चलते उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना के बाद वाहन चालक बिना रुके वाहन समेत फरार हो गया। हादसे के कारण कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की जानकारी मिलते ही भोगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक की पहचान कर उसके परिजनों और ससुराल पक्ष को सूचना दी। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हादसे को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि वाहन की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जा सके। पुलिस का दावा है कि जांच के आधार पर आरोपी तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
अचानक हुए इस हादसे ने मृतक के परिवार और ससुराल पक्ष को गहरे सदमे में डाल दिया है। जो युवक अपने रिश्तेदारों से मिलने जा रहा था, उसकी मौत की खबर ने दोनों परिवारों को झकझोर कर रख दिया। क्षेत्र में भी घटना को लेकर शोक का माहौल है।
Location : Mainpuri
Published : 11 June 2026, 2:07 PM IST