सड़कों पर अचानक पुलिस ने शुरू किया ऐसा महाअभियान, सहमे ग्राहकों के बीच क्या बंद होने जा रहे हैं महराजगंज के सारे बाजार?

महराजगंज में लगातार हो रही पुलिस चेकिंग और अंधाधुंध चालानों से परेशान होकर व्यापारियों ने पुलिस कप्तान के दरवाजे पर दस्तक दी है। बाजारों में पसरे सन्नाटे और धंधा चौपट होने के दावों के बीच जानिए आखिर क्या है व्यापारियों की बड़ी मांग।

Maharajganj: उत्तर प्रदेश के महराजगंज जनपद में इन दिनों पुलिस प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे सघन वाहन चेकिंग अभियान ने स्थानीय व्यापारियों और आम जनता की रातों की नींद उड़ा दी है। सड़कों पर लगातार हो रही गाड़ियों की जांच और धड़ाधड़ काटे जा रहे भारी-भरकम चालानों के विरोध में मंगलवार को व्यापारियों का गुस्सा फूट पड़ा। इस कड़ी कार्रवाई से नाराज अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल का एक विशाल प्रतिनिधिमंडल सीधे पुलिस अधीक्षक (एसपी) से मिलने पहुंच गया। व्यापारियों ने पुलिस कप्तान को एक शिकायती ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र में बन रहे तनावपूर्ण माहौल और अपनी गंभीर समस्याओं से अवगत कराया।

दुकानों के सामने चेकिंग से ग्राहक सहमे 

जिला प्रभारी अजय राज कसौधन एवं जिला अध्यक्ष अनिल कुमार के संयुक्त नेतृत्व में पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे व्यापारी नेताओं ने पुलिसिया कार्रवाई पर तीखे सवाल उठाए। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, व्यापारियों ने बेहद गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जिले के मुख्य बाजारों, चौराहों और दुकानों के ठीक सामने बार-बार और बिना वजह सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। दुकानों के मुहाने पर पुलिस की मौजूदगी और कड़े तेवरों के कारण बाजारों में आने वाले ग्राहकों के भीतर एक अजीब सा डर और भय का माहौल पैदा हो गया है। ग्राहक बाजारों में आने से कतरा रहे हैं, जिसके चलते पूरी व्यापारिक गतिविधियां बुरी तरह प्रभावित हो रही हैं। मंदी के इस दौर में बाजारों का करोबार पूरी तरह ठप हो चुका है और दुकानदारों के लिए रोजमर्रा का व्यापार करना बेहद मुश्किल होता जा रहा है।

नगर पालिका क्षेत्र की सीमा से बाहर की जाए पुलिस चेकिंग

व्यापार मंडल के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने पुलिस प्रशासन के सामने अपनी स्पष्ट मांग रखते हुए कहा कि वे कानून व्यवस्था या नियमों के खिलाफ नहीं हैं। लेकिन यदि यातायात व्यवस्था और सुरक्षा के लिहाज से वाहन चेकिंग तथा चालान अभियान चलाना बेहद आवश्यक ही है, तो इसे मुख्य बाजारों के बीच में करने के बजाय नगर पालिका क्षेत्र की भौगोलिक सीमा के बाहर या शहर के एंट्री पॉइंट्स पर किया जाए। ऐसा करने से बाजारों में खरीदारी करने आने वाले ग्रामीण व शहरी ग्राहकों और दिनभर मेहनत करने वाले स्थानीय व्यापारियों को अनावश्यक मानसिक व आर्थिक परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा और पुलिस का काम भी हो जाएगा।

3 किलोमीटर तक फिल्मी पीछा… 30 गोलियां बरसाकर दो भाइयों पर ताबड़तोड़ हमला, एक की मौत!

प्रतिनिधिमंडल में बड़ी संख्या में उमड़े व्यापारी

इस प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक से व्यापारियों के हित में इस समस्या को गंभीरता से लेने और तत्काल उचित कार्रवाई करने की पुरजोर मांग की। पुलिस अधीक्षक ने भी व्यापारियों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और सकारात्मक आश्वासन दिया। इस महत्वपूर्ण मौके पर जिला महामंत्री रघुनाथ गुप्त, जिला कोषाध्यक्ष मृत्युंजय धामिया, जिला संरक्षक संजय पांडेय, वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष सदरे आलम, गुड्डू तिवारी, जिला उपाध्यक्ष अभय श्रीवास्तव, सदर विधानसभा अध्यक्ष हरिद्वार गुप्त, नगर अध्यक्ष राहुल जायसवाल, पनियरा अध्यक्ष दिलीप कसौधन सहित भारी संख्या में क्षेत्रीय व्यापारी और पदाधिकारी एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद करने मौजूद रहे।

Location :  Maharajganj

Published :  2 June 2026, 2:38 PM IST

Advertisement