हिंदी
महराजगंज: जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने रविवार को मधवलिया स्थित गोसदन का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गोशेड, गोकाष्ठ निर्माण इकाई, वर्मी कंपोस्ट उत्पादन स्थल और गोसदन परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था का गहन अवलोकन किया।
डाइनामाइट न्यूज संवाददाता के अनुसार जिलाधिकारी ने साफ निर्देश दिए कि परिसर में नियमित सफाई कराई जाए और समय-समय पर विशेष सफाई अभियान भी चलाया जाए।
उन्होंने विद्युत ट्यूबवेल के स्थान पर सौर ऊर्जा से संचालित ट्यूबवेल लगाने का सुझाव दिया ताकि बिजली आपूर्ति बाधित होने पर भी जलापूर्ति सुचारु बनी रहे और बिजली बिल में भी कटौती हो। उन्होंने गोसदन की खाली भूमि पर सोलर प्लांट स्थापित करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने का आदेश भी अधिकारियों को दिए।
महिलाओं द्वारा तैयार किए जा रहे गोकाष्ठ
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा तैयार किए जा रहे गोकाष्ठ और वर्मी कंपोस्ट निर्माण की भी सराहना की। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी (सीवीओ) डॉ. हौसला प्रसाद ने बताया कि गोसदन में अब तक 143 कुंतल गोकाष्ठ तैयार किया गया है, जिसमें से 93 कुंतल गोकाष्ठ 500 प्रति कुंतल की दर से बेचा जा चुका है। इससे गोसदन को 9300 तथा महिला समूह को 37200 की आय हुई है।
बेहतर बाजार से जोड़ने की दिशा में काम
इसी प्रकार, वर्मी कंपोस्ट निर्माण में अब तक कुल 550 कुंतल का उत्पादन हुआ है। इसमें से 342 कुंतल की बिक्री से गोसदन को 48000 और महिला समूह को 179772 की आय प्राप्त हुई है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इन उत्पादों को बेहतर बाजार से जोड़ने की दिशा में काम किया जाए, जिससे गोसदन को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा सके।
चारे की व्यवस्था पर विशेष ध्यान
इसके अलावा उन्होंने पशुओं के लिए हरे चारे की व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने का निर्देश देते हुए कहा कि हरे चारे का उत्पादन बढ़ाया जाए। साथ ही रेंजर मधवलिया को निर्देशित किया कि गोसदन की भूमि पर बांस का रोपण कराया जाए, जिससे भविष्य में अतिरिक्त आय प्राप्त हो सके। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गोसदन स्थित शिव मंदिर में पूजन-अर्चन कर परिसर में पीपल का पौधरोपण भी किया। इस दौरान उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का भी आह्वान किया।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी निचलौल नंद प्रकाश मौर्या, सीवीओ डॉ. हौसला प्रसाद, बीडीओ निचलौल शमा सिंह, तहसीलदार अमित सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों से कहा कि वे मिलकर गोसदन को आत्मनिर्भर बनाएं, ताकि इसकी आवश्यकताएं अपनी आय से पूरी हो सकें और यह एक मॉडल गोसदन के रूप में स्थापित हो।
Location : Maharajganj
Published : 8 June 2025, 3:32 PM IST