Maharajganj News: बृजमनगंज में झाड़ियों में मिला युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस

बृजमनगंज में बुधवार को वार्ड नंबर 5 में मस्जिद के सामने झाड़ियों में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 14 May 2025, 5:17 PM IST
google-preferred

महराजगंज: जनपद महराजगंज के थाना क्षेत्र बृजमनगंज के नगर पंचायत बृजमनगंज में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब वार्ड नंबर 5 में मस्जिद के सामने झाड़ियों में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है और लगातार हो रही दुर्घटनाओं के कारण बृजमनगंज थाना क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों के बीच यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है और प्रथम दृष्टया यह हत्या का मामला प्रतीत हो रहा है।

डाइनामाइट न्यूज़ के संवाददाता के अनुसार, बुधवार की दोपहर करीब 3:00 बजे नगर पंचायत बृजमनगंज के वार्ड नंबर 5 में मस्जिद के सामने स्थित झाड़ियों से बदबू आने की शिकायत मिली। स्थानीय लोगों ने जब पास जाकर देखा, तो वहां एक युवक का शव पड़ा हुआ था। इसकी सूचना तुरंत नगर पंचायत अध्यक्ष राकेश जायसवाल को दी गई। अध्यक्ष ने तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और बृजमनगंज पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सत्य प्रकाश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

शव की हुई पहचान

वहीं घटना की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए। पूर्व प्रधान दिलीप चौधरी, भाजपा नेता योगेंद्र यादव सहित कई गणमान्य व्यक्ति और स्थानीय निवासी मौके पर मौजूद थे। शव की शिनाख्त आकाश उपाध्याय उर्फ मंटू (उम्र 25 वर्ष) के रूप में हुई, जो वार्ड नंबर 2, बाल्मीकि नगर, बृजमनगंज का निवासी था। मृतक के पिता स्वर्गीय राम कृपाल उपाध्याय थे।

हत्या की जताई जा रही आशंका

पुलिस के अनुसार, शव लगभग 24 घंटे पुराना प्रतीत हो रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शव की स्थिति को देखकर यह हत्या का मामला लगता है। हालांकि, पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है। थानाध्यक्ष सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय, महराजगंज भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।

इस घटना ने बृजमनगंज और आसपास के क्षेत्रों में दहशत फैला दी है। पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है और स्थानीय लोगों से भी सहयोग मांगा है। फिलहाल, यह घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है और लोग पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं, जिससे इस रहस्यमयी मौत का सच सामने आ सके।

Location : 

Published :