हिंदी
DM संतोष शर्मा ने एडीओ सहकारिता इंदु प्रकाश राय को किया सम्मानित
Maharajganj: एम-पैक्स सदस्यता महाभियान-2025 के अंतर्गत जनपद महराजगंज ने प्रदेश भर में सर्वाधिक सदस्य जोड़कर एक नई मिसाल कायम की है। इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर जिलाधिकारी संतोष शर्मा ने विकास खंड लक्ष्मीपुर के एडीओ सहकारिता इंदु प्रकाश राय को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, यह सम्मान उनके उत्कृष्ट कार्य, सक्रिय सहभागिता एवं सहकारिता आंदोलन को जमीनी स्तर पर सशक्त बनाने के लिए दिए गए योगदान के लिए प्रदान किया गया।
सम्मान समारोह के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि इंदु प्रकाश राय द्वारा चलाया गया सदस्यता अभियान न केवल लक्ष्यपूर्ति तक सीमित रहा, बल्कि किसानों और ग्रामीणों में सहकारिता के प्रति विश्वास और जागरूकता भी बढ़ाने में सफल रहा। उन्होंने कहा कि महराजगंज का यह प्रदर्शन अन्य जनपदों के लिए प्रेरणास्रोत है।
उत्तर प्रदेश सहकारिता विभाग द्वारा प्रदेश के सभी जनपदों में एम-पैक्स सदस्यता महाभियान-2025 चलाया गया था। इसका उद्देश्य बहुद्देशीय प्राथमिक कृषि सहकारी समितियों (MPACS) को मजबूत करना और अधिक से अधिक किसानों को सहकारी तंत्र से जोड़ना था। इस अभियान में महराजगंज ने सर्वाधिक पंजीकरण कर प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया।
एम-पैक्स सदस्यता महाभियान सहकारिता विभाग की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके तहत ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों और आम नागरिकों को बहुद्देशीय प्राथमिक कृषि सहकारी समितियों से जोड़ा जाता है। इसके माध्यम से किसानों को कृषि ऋण, उन्नत बीज, उर्वरक, भंडारण सुविधा और अन्य वित्तीय सेवाएं सरलता से उपलब्ध कराई जाती हैं।
इस अभियान की खास बात यह रही कि सदस्यता प्रक्रिया को डिजिटल बनाया गया। किसान ऑनलाइन आवेदन कर एम-पैक्स के सदस्य बन सके। यूपीआई आधारित डिजिटल लेन-देन को बढ़ावा देकर पारदर्शिता सुनिश्चित की गई, जिससे बिचौलियों की भूमिका कम हुई और लाभ सीधे किसानों तक पहुंचा।
Location : Maharajganj
Published : 25 January 2026, 4:16 PM IST
Topics : Cooperative Department UP Digital PACS M PACS Membership Maharajganj News (महाराजगंज न्यूज़) rural economy