UP: महराजगंज में किसानों का फूटा गुस्सा, पेट्रोल पंप पर क्यों लगा चक्का जाम?

महराजगंज के घुघली में गैलन में डीजल न मिलने से नाराज किसानों ने पेट्रोल पंप पर चक्का जाम कर दिया। कुछ देर तक सड़क पर आवागमन बाधित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।

Maharajganj: महराजगंज के घुघली थाना क्षेत्र में किसानों का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा। घुघली-सिसवा मार्ग स्थित माँ भगवती किसान सेवा केंद्र (इंडियन ऑयल) पेट्रोल पंप पर गैलन में डीजल न मिलने से नाराज किसानों ने प्रदर्शन करते हुए चक्का जाम कर दिया। इससे कुछ देर तक यातायात बाधित रहा और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

गैलन में डीजल न मिलने से भड़के किसान

किसानों का कहना था कि उनके पास ट्रैक्टर नहीं है और खेतों में सिंचाई के लिए पंप सेट चलाने के लिए डीजल गैलन में ही ले जाना पड़ता है। पेट्रोल पंप और खेतों के बीच दूरी अधिक होने के कारण उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी वजह से किसानों ने गैलन में डीजल उपलब्ध कराने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया।

सड़क पर उतरा किसानों का गुस्सा

देखते ही देखते किसानों ने पेट्रोल पंप के सामने चक्का जाम कर दिया, जिससे घुघली-सिसवा मार्ग पर वाहनों की आवाजाही रुक गई। मौके पर मौजूद अन्य लोगों को भी असुविधा का सामना करना पड़ा। किसानों ने प्रशासन से अपनी मांगों को जल्द पूरा करने की अपील की।

पुलिस ने संभाला मोर्चा

सूचना मिलने पर घुघली नगर चौकी इंचार्ज शिवम राय पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसानों से बातचीत कर उन्हें समझाया और स्थिति को शांत कराया। काफी प्रयासों के बाद जाम हटवाया गया और यातायात बहाल किया गया।

Maharajganj : 205 दिन बाद खत्म हुआ नौतनवा तहसील का आंदोलन, उपनिबंधक संदीप के रिलीव का मिला प्रमाण

स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में

पुलिस के अनुसार किसानों को समझाने के बाद स्थिति सामान्य हो गई है और मार्ग पर आवागमन फिर से शुरू कर दिया गया है। प्रशासन ने मामले पर नजर बनाए रखी है।

Location :  Maharajganj

Published :  28 May 2026, 10:16 AM IST

Related News

Advertisement