हिंदी
भयंकर मारपीट (Img: Dynamite News)
Maharajganj: जिले के अहमदपुर ग्राम पंचायत स्थित गौसदन में कथित तौर पर जबरन घुसकर सरकारी काम में बाधा डालने और कर्मचारियों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पंचायत सहायकों की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने सूरज यादव समेत दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी है।
पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक, ग्राम अहमदपुर निवासी पंचायत सहायक सात्विक और ग्राम जंगल फरजंदअली निवासी पंचायत सहायक अखिलेश्वर मल 23 जुलाई 2026 को दोपहर करीब तीन बजे ग्राम सचिव के साथ अहमदपुर गौसदन में सरकारी ड्यूटी पर मौजूद थे।
इसी दौरान आरोप है कि लोहिया नगर निवासी सूरज यादव अपने कुछ साथियों के साथ गौसदन पहुंचा। आरोपियों ने परिसर के अंदर जाने का प्रयास किया।
तहरीर में पंचायत सहायकों ने बताया कि उन्होंने अधिकारियों के निर्देशों का हवाला देते हुए बिना अनुमति गौसदन परिसर में प्रवेश करने से मना किया। इसके बावजूद आरोप है कि सूरज यादव और उसके साथी दीवार फांदकर गौसदन के अंदर दाखिल हो गए।
इसके बाद कर्मचारियों और आरोपियों के बीच विवाद शुरू हो गया। शिकायत के अनुसार, ग्राम सचिव, पंचायत सहायकों और गौसदन के केयरटेकर ने जब उनसे अंदर आने का कारण पूछा तो कथित तौर पर गाली-गलौज और धमकी दी गई।
शिकायत के मुताबिक, आरोपी इसके बाद गौसदन के कार्यालय में चले गए और वहां रखे सरकारी रजिस्टरों को देखने लगे। कर्मचारियों ने इसका विरोध किया तो मामला और बिगड़ गया।
पंचायत सहायकों ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर आरोपियों ने सरकारी रजिस्टर फाड़ दिए। इसके अलावा कार्यालय में रखी सरकारी संपत्ति के साथ तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाने का भी आरोप लगाया गया है।
‘कदम रखा तो सीधे फंदे पर लटकेंगी!’ शेख हसीना की वापसी की खबर पर नाहिद इस्लाम की खुली धमकी
तहरीर में पंचायत सहायकों ने आरोप लगाया कि सरकारी काम में बाधा डालने का विरोध करने पर आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की। इस दौरान कथित तौर पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया और जान से मारने की धमकी भी दी गई।
घटना के दौरान गौसदन में शोर-शराबा होने लगा। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके की ओर पहुंचने लगे। ग्रामीणों के पहुंचने की भनक लगते ही आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद दोनों पंचायत सहायकों ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को लिखित तहरीर दी और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर सूरज यादव और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना की जा रही है। घटना से जुड़े साक्ष्यों और तथ्यों की जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। आरोपियों की तलाश भी की जा रही है।
Location : Maharajganj
Published : 4 August 2026, 10:40 AM IST