हिंदी
सुधीर सिंह (सोर्स-इंटरनेट)
गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के कुख्यात माफिया सुधीर सिंह ने लखनऊ की एक अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया है। वह गोरखपुर जिले के खजनी क्षेत्र में एक व्यापारी पर जानलेवा हमले के मामले में आरोपी था। इस मामले में पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें लंबे समय से उसकी तलाश में जुटी थीं।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, माफिया सुधीर सिंह ने आर्म्स एक्ट के एक अन्य मामले में लखनऊ न्यायालय में समर्पण किया, जिसके बाद उसे जेल भेज दिया गया। इस घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है, क्योंकि सुधीर सिंह का नाम प्रदेश के 68 शीर्ष माफियाओं की सूची में शामिल है।
इस मामले में पुलिस कर रही थी तलाश
दरअसल, घटना 27 मई 2025 की रात की है, जब खजनी थाना क्षेत्र के बेलीपार के भौवापार निवासी अंकुर शाही पर सुधीर सिंह ने एक दावत के दौरान जानलेवा हमला किया था। जानकारी के अनुसार, सुधीर सिंह ने अपने पूर्व सहयोगी अंकुर शाही पर रॉड से हमला किया, जिसके बाद अंकुर गंभीर रूप से घायल हो गए।
इस हमले के पीछे चुनावी रंजिश को कारण बताया जा रहा है। घटना के बाद खजनी पुलिस ने सुधीर सिंह के खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था। इसके बाद से वह फरार चल रहा था और पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए गोरखपुर, बस्ती मंडल और लखनऊ में लगातार छापेमारी कर रही थी।
पहले भी पुलिस को दे चुका है चकमा
सुधीर सिंह पहले भी कई बार पुलिस को चकमा देकर फरारी काट चुका है। इस बार भी उसके आत्मसमर्पण की अटकलें पहले से ही तेज थीं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, सुधीर सिंह ने अपने वकीलों के माध्यम से लखनऊ कोर्ट में समर्पण की योजना बनाई थी। लखनऊ कोर्ट में आत्मसमर्पण के बाद, अदालत ने उसे तत्काल जेल भेजने का आदेश दिया। इस कार्रवाई से पुलिस और प्रशासन ने राहत की सांस ली है, क्योंकि सुधीर सिंह का आपराधिक इतिहास लंबा और गंभीर है।
बता दें कि सुधीर सिंह का नाम उत्तर प्रदेश के माफिया सरगनाओं की सूची में शामिल है। खजनी क्षेत्र में उसका प्रभाव लंबे समय से रहा है और वह कई आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है।
Location : Gorakhpur
Published : 13 June 2025, 2:23 PM IST
Topics : Gorakhpur News Mafia Sudhir Singh surrender UP Police