हिंदी
प्रतीकात्मक छवि
Etah: एटा में पुलिस विभाग की छवि को धक्का पहुंचाने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि शराब के नशे में दो पुलिसकर्मियों ने स्कूटी से जा रही युवतियों का पीछा किया, उन्हें रास्ते में रोककर अभद्रता की और हंगामा खड़ा कर दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने दोनों पुलिसकर्मियों को तत्काल निलंबित कर दिया।
घटना शहर कोतवाली क्षेत्र की ठंडी सड़क की बताई जा रही है। गुरुवार रात पुलिस लाइन में तैनात उपनिरीक्षक राहुल बालियान और मुख्य आरक्षी धर्मेंद्र सिंह पर आरोप है कि उन्होंने स्कूटी से जा रही दो युवतियों का कार से पीछा किया। इसके बाद रास्ते में रोककर उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया।
युवतियों ने विरोध किया तो मौके पर शोर-शराबा होने लगा। देखते ही देखते आसपास के लोग वहां जुट गए और किसी ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
सूचना मिलने पर शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पुलिसकर्मियों को हिरासत में लेकर कोतवाली ले गई। पूछताछ के बाद दोनों का मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसमें शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई।
मामले के सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर लोगों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए।
मामले को गंभीर मानते हुए एटा की एसएसपी डॉ. इला मारन ने तत्काल प्रभाव से उपनिरीक्षक राहुल बालियान और मुख्य आरक्षी धर्मेंद्र सिंह को निलंबित कर दिया है। साथ ही पूरे प्रकरण की जांच के आदेश भी दिए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
Location : Etah
Published : 22 May 2026, 2:15 PM IST