हिंदी
मुख्य आरोपी सर्वेश कुमार भट्ट उर्फ बिट्टू गिरफ्तार (Img: Dynamite News)
Gorakhpur: खजनी कस्बे में 12 वर्षीय मासूम वैभव वर्मा की हत्या से जुड़े सनसनीखेज मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी सर्वेश कुमार भट्ट उर्फ बिट्टू को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पड़ोस में रहने वाले मासूम को अपने साथ ले जाने के बाद उसकी हत्या कर दी थी। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक दक्षिणी के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी खजनी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक जयंत कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने बुधवार को आरोपी को गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार, 27 जुलाई 2026 को पीड़ित पिता ने अपने 10 वर्षीय पुत्र के लापता होने की सूचना खजनी थाने में दी थी। तहरीर के आधार पर गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों और पूछताछ में सामने आया कि पड़ोस में रहने वाला सर्वेश भट्ट बालक को अपने साथ ले गया था। इसके बाद पुलिस ने मामले की गहन जांच की तो बालक की हत्या किए जाने की पुष्टि हुई।
ये भी पढ़ें- पत्नी ने ही रची साजिश? हरदोई में युवक ने लगाया जहर देकर मारने की कोशिश का आरोप, बोला- दो साढ़ुओं से अवैध संबंध…
इसके बाद मुकदमे में हत्या सहित अन्य गंभीर धाराएं बढ़ाई गईं और आरोपी की तलाश तेज कर दी गई।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान सर्वेश कुमार भट्ट उर्फ बिट्टू पुत्र हरिनारायण शर्मा, निवासी रुद्रपुर सीबी सिंह गली, थाना खजनी, जनपद गोरखपुर के रूप में हुई है। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के खिलाफ पूर्व में प्रयागराज कमिश्नरेट के खुल्दाबाद थाने में धोखाधड़ी, जालसाजी और कूटरचना से संबंधित धाराओं में भी मुकदमा दर्ज है। इससे स्पष्ट होता है कि आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है।
ये भी पढ़ें- मैनपुरी में कबाड़ नहीं, लाखों का खजाना! थाने में खड़े 137 लावारिस वाहनों की नीलामी, सरकार को मिला लाखों का राजस्व
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस साक्ष्यों को मजबूत करने और न्यायालय में प्रभावी पैरवी की तैयारी में जुटी है। वहीं इस दर्दनाक घटना से पूरे खजनी क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोग मासूम को जल्द से जल्द न्याय दिलाने और आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक जयंत कुमार सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक विपिन सिंह, हेड कांस्टेबल अनिल चौधरी, कांस्टेबल इन्द्रजीत यादव, कांस्टेबल अरविन्द यादव और आरक्षी संस्कार यादव शामिल रहे।
Location : Gorakhpur
Published : 29 July 2026, 6:13 PM IST