हिंदी
आम के बाग में देखा लटका शव (Source: Pinterest)
Kasganj: उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले के सिढ़पुरा थाना क्षेत्र में रविवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब पिलखुनी गांव के पास आम के बाग में एक युवक का शव पेड़ से रस्सी के सहारे लटका मिला। शव मिलने की सूचना पर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और जरूरी साक्ष्य जुटाए। प्रथम दृष्टया पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मान रही है।
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह निवासपुर गांव के कुछ बच्चे पिलखुनी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर आम के बाग में पेड़ से लटके एक शव पर पड़ी। शव देखते ही बच्चे घबरा गए और उन्होंने इसकी जानकारी परिजनों को दी। इसके बाद 112 नंबर पर सूचना दी गई।
Kasganj News: ततारपुर बांध के पास नहर में डूबे दो किशोर, एक को बचाने में दूसरे ने भी गंवाई जान
डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी सिढ़पुरा थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष प्रदीप मलिक पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। कुछ देर बाद क्षेत्राधिकारी पटियाली अमित कुमार और फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच गई। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।
पुलिस ने शव की पहचान निवासपुर गांव निवासी ओमप्रकाश पुत्र भूपसिंह, उम्र करीब 50 वर्ष के रूप में की। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पत्नी अंजू, बेटे रोहित समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
Kasganj Crime: मासूम से ऐसी क्या हुई खता नशेड़ी ने मार दी गोली
परिजनों के मुताबिक, ओमप्रकाश करीब एक साल से दिल्ली में रहकर मेहनत-मजदूरी कर रहा था। वह करीब एक-दो दिन पहले ही दिल्ली से अपने गांव वापस लौटा था। इसके बाद रविवार सुबह उसका शव आम के पेड़ पर लटका मिला। युवक ने यह कदम क्यों उठाया, इसे लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है। थानाध्यक्ष प्रदीप मलिक के मुताबिक, प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Location : Kasganj
Published : 23 August 2026, 4:09 PM IST