हिंदी
प्रतीकात्मक छवि (Source: Pinterest)
Baramati: महाराष्ट्र के पुणे जिले के बारामती में एक नाबालिग बच्ची की मौत का मामला सामने आने से सनसनी फैल गई। एनसीपी (एसपी) विधायक रोहित पवार के निजी सहायक की बेटी शनिवार रात कथित तौर पर लापता हो गई थी। परिवार की शिकायत के बाद पुलिस ने तलाश शुरू की। अगले दिन सुबह बच्ची का शव उसके घर के पास मिला। पुलिस अब CCTV फुटेज खंगालकर घटना की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, शनिवार रात बच्ची का अपनी मां के साथ किसी मामूली बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद वह घर से लापता हो गई। बच्ची के वापस नहीं लौटने पर परिवार ने पुलिस को सूचना दी और उसके लापता होने की शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने बच्ची की तलाश शुरू कर दी। परिवार के लोग भी उसकी तलाश में जुटे हुए थे।
रविवार सुबह करीब 8:30 बजे बारामती के रूई इलाके के साई गणेश नगर में बच्ची का शव उसके भवन के पास मिला। शव मिलने की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया।पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए बारामती मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।
एनसीपी (एसपी) विधायक रोहित पवार ने बताया कि बच्ची उनके निजी सहायक अजीत की बेटी थी। उन्होंने कहा कि बच्ची के लापता होने के बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई थी और परिवार के साथ पुलिस ने उसकी तलाश की।
रोहित पवार ने पुलिस अधिकारियों से मामले की उचित जांच करने की मांग की है। उनका कहना है कि परिवार को न्याय मिलना चाहिए और घटना के पीछे की वास्तविक वजह सामने आनी चाहिए।
पुलिस अब घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। जांच टीम यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि बच्ची आखिरी बार कब और कहां दिखाई दी थी।
साथ ही पुलिस बच्ची के लापता होने से लेकर शव मिलने तक की पूरी टाइमलाइन को जोड़ने में जुटी है। परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।
फिलहाल बच्ची की मौत की वजह स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस ने सभी पहलुओं से जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण को लेकर स्थिति साफ होने की उम्मीद है।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि रात में लापता हुई बच्ची की सुबह घर के पास मौत कैसे हुई? क्या यह महज हादसा था या फिर घटना के पीछे कोई और वजह छिपी है? पुलिस की जांच और CCTV फुटेज से इन सवालों के जवाब मिलने की उम्मीद है।
Location : Baramati
Published : 23 August 2026, 3:20 PM IST
Topics : Baramati News Breaking News Maharashtra Crime