कांवड़ यात्रा पर ADG भानु भास्कर का बड़ा कदम, ग्राउंड जीरो पर निरीक्षण के साथ दिए जीरो टॉलरेंस के निर्देश

श्रावण मास कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए मुजफ्फरनगर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मेरठ जोन के एडीजी भानु भास्कर ने देर रात अधिकारियों के साथ कांवड़ यात्रा मार्ग का निरीक्षण किया और कहा कि कांवड़ियों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Post Published By: Komal Chauhan
Updated : 7 August 2026, 4:48 PM IST
google-preferred

Muzaffarnagar: मेरठ जोन के अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) भानु भास्कर ने सहारनपुर परिक्षेत्र के डीआईजी अभिषेक सिंह, जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) संजय कुमार वर्मा के साथ रामपुर तिराहा और बागोंवाली कट सहित प्रमुख कांवड़ यात्रा मार्गों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं की समीक्षा की। संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं सुचारु रखने के निर्देश भी दिए गए।

मीडिया से बातचीत में एडीजी भानु भास्कर ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुसार कांवड़ यात्रा की तैयारियां पिछले तीन महीनों से लगातार की जा रही हैं। प्रशासन का लक्ष्य यात्रा को सुरक्षित, भव्य और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना है। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान धार्मिक आस्था और आध्यात्मिक वातावरण को प्राथमिकता दी जाएगी तथा अनावश्यक शोर-शराबे पर नियंत्रण रखा जाएगा।

नियम तोड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

एडीजी ने बताया कि शासन द्वारा कांवड़ की ऊंचाई, चौड़ाई और अन्य निर्धारित मानकों का पालन कराया जा रहा है। नियमों का उल्लंघन करने वाले डीजे संचालकों और अन्य लोगों के खिलाफ चालान के साथ वैधानिक कार्रवाई भी की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

यह भी पढ़ें: Muzaffarnagar कांवड़ यात्रा: फूलों की बारिश से महका यात्रा मार्ग, जनप्रतिनिधियों ने किया शिवभक्तों का भव्य स्वागत

ATS, STF और पीएसी की तैनाती

कांवड़ यात्रा की सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए एटीएस (ATS) के कमांडो, एसटीएफ (STF) की विशेष टीमें, पीएसी और भारी पुलिस बल को संवेदनशील स्थानों पर तैनात किया गया है। इसके अलावा पूरे यात्रा मार्ग पर लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।

सोशल मीडिया पर भी कड़ी निगरानी

पुलिस सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और भ्रामक खबरों पर भी लगातार नजर रख रही है। एडीजी ने बताया कि अब तक 700 से अधिक आपत्तिजनक और भ्रामक पोस्ट हटाई जा चुकी हैं। अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जा रही है।

यह भी पढ़ें: Muzaffarnagar: शादी के बाद खुला बड़ा राज? नाम बदलने के आरोप से मचा हंगामा

कांवड़ियों के साथ विनम्र व्यवहार के निर्देश

निरीक्षण के दौरान एडीजी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया कि कांवड़ियों के साथ विनम्र, संवेदनशील और सहयोगात्मक व्यवहार करें, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और यात्रा शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।

Location :  Muzaffarnagar

Published :  7 August 2026, 4:45 PM IST

Related News

Advertisement