हिंदी
बिरयानी वितरण के दौरान भगदड़ (Img- X)
Kanpur: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के बिल्हौर क्षेत्र स्थित मकनपुर कस्बे में चेहल्लुम के अवसर पर बिरयानी वितरण के दौरान अचानक भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। बिरयानी खत्म होने की अफवाह फैलते ही बड़ी संख्या में लोग डेगों की ओर दौड़ पड़े, जिससे धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इस दौरान एक युवक आग से झुलस गया, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। कई लोगों के कपड़े भी फट गए।
मंगलवार को चेहल्लुम के मौके पर स्थानीय लोगों के सहयोग से प्राचीन मदार साहब की दरगाह में बड़ी डेगों में बिरयानी तैयार कराई गई थी। शाम करीब आठ बजे बिरयानी का वितरण किया जा रहा था। इसी दौरान बिरयानी खत्म होने की अफवाह फैल गई, जिसके बाद भीड़ अनियंत्रित हो गई और लोग बिरयानी लेने के लिए डेगों पर टूट पड़े।
Kanpur: मासूम छात्र की मौत, दोस्तों और परिवार को लेकर नोट में लिखी आखिरी बातें
बिरयानी लेने की होड़ में महिलाएं, युवतियां, बच्चे और पुरुष एक-दूसरे को धक्का देते हुए आगे बढ़ने लगे। इसी दौरान मकनपुर का एक युवक आग के पास गिर गया, जिससे वह मामूली रूप से झुलस गया। वहीं जलाने के लिए रखी लकड़ियों पर गिरने से तीन अन्य लोग घायल हो गए। घटना में कई लोगों के कपड़े भी फट गए।
घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें बिरयानी लेने के लिए मची अफरा-तफरी दिखाई दे रही है। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
चेहल्लुम के अवसर पर मकनपुर के विभिन्न मोहल्लों से जुलूस निकाले गए थे, जिनमें हजारों लोग शामिल हुए। आयोजन के तहत मदार साहब की दरगाह पर लंगर की व्यवस्था की गई थी और कई घंटों तक बिरयानी का वितरण चलता रहा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
Location : Kanpur
Published : 7 August 2026, 4:05 PM IST