Kanpur: मासूम छात्र की मौत, दोस्तों और परिवार को लेकर नोट में लिखी आखिरी बातें

कानपुर में 15 वर्षीय छात्र रुद्र गुप्ता ने सुसाइड नोट छोड़कर आत्महत्या कर ली। नोट में दोस्तों और परिवार से मनचाहा प्यार न मिलने की बात लिखी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Post Published By: Pratibha Yadav
Updated : 30 June 2026, 2:20 PM IST
google-preferred

Kanpur: उत्तर प्रदेश के कानपुर में 15 साल के छात्र का आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। कक्षा 10 में पढ़ने वाले छात्र ने घर में फंदा लगाकर जान दे दी। मौके से मिले सुसाइड नोट में उसने दोस्तों और परिवार से मनचाहा प्यार नहीं मिलने की बात लिखते हुए अपनी जीवन समाप्त करने की वजह बताई है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

घर में अकेला था छात्र

दरअसल, बर्रा-दो डबल स्टोरी कॉलोनी निवासी रुद्र गुप्ता (15 साल) रतनलाल नगर स्थित एक स्कूल में कक्षा 10 का छात्र था। उसके पिता गणेश गुप्ता राज्य महिला आयोग की सदस्य अनीता गुप्ता के ड्राइवर हैं। सोमवार को गणेश गुप्ता ड्यूटी पर चले गए थे, जबकि रुद्र की मां और बहन एक रिश्तेदार के घर गई थीं। इस दौरान रुद्र घर पर अकेला था।

फोन नहीं उठाने पर हुआ शक

दोपहर में जब मां और बहन ने रुद्र को कई बार फोन किया और उसने कॉल रिसीव नहीं किया, तो उन्होंने इसकी जानकारी गणेश गुप्ता को दी। इसके बाद परिवार के लोग घर पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। पड़ोसी की छत के रास्ते घर के अंदर पहुंचकर कमरे का दरवाजा तोड़ा गया। अंदर रुद्र का शव पंखे से दुपट्टे के फंदे पर लटका मिला। सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची।

Kanpur News: पीर बाबा’ के नाम पर ठगी, जानें कैसे दिया महिला को झांसा?

सुसाइड नोट में लिखा दर्द

पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट मिला है। उसमें रुद्र ने लिखा "हाय... मैं रुद्र गुप्ता... दोस्तों और पारिवार के सदस्यों से मनचाहा प्यार नहीं मिलने के कारण बहुत दुखी हूं। अब मेरी जीने की इच्छा खत्म हो गई है।" पुलिस ने सुसाइड नोट को जांच के लिए कब्जे में ले लिया है।

पुलिस कर रही हर पहलू की जांच

बर्रा थाना पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस सुसाइड नोट और अन्य परिस्थितियों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है ताकि घटना के सभी पहलुओं को स्पष्ट किया जा सके।

परिवार में पसरा मातम

रुद्र की अचानक मौत से परिवार गहरे सदमे में है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Kanpur News: सनक या साजिश? केमिकल हमलों से दहशत फैलाने वाला दिलशाद गिरफ्तार

Location :  Kanpur

Published :  30 June 2026, 2:20 PM IST

Advertisement