हिंदी
पीर बाबा का डर दिखाकर ठगी महिला से ठगी (Img: Magnific)
Kanpur: कानपुर में टप्पेबाजों ने एक महिला को कथित धार्मिक प्रभाव और डर का झांसा देकर ठगी का शिकार बना लिया। शातिरों ने खुद को बाबा का अनुयायी बताकर महिला का विश्वास जीता और फिर कुछ ही मिनटों में उसके कीमती आभूषण और नकदी लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
मामला कल्याणपुर थाना क्षेत्र का है। पीड़िता के अनुसार वह गुरुवार दोपहर अपने परिचित वकील से मिलने जा रही थीं। रास्ते में चुंगी तिराहे के पास पहुंचते ही तीन अज्ञात युवक उनके संपर्क में आए और बातचीत शुरू कर दी।
महिला का आरोप है कि युवकों ने खुद को एक धार्मिक व्यक्ति का अनुयायी बताते हुए उनसे बातचीत की। इसी दौरान उन्होंने महिला के हाथ में एक गिट्टी और पुड़िया रखी। महिला के मुताबिक पुड़िया से धुआं निकलता दिखाई दिया, जिससे वह घबरा गईं और शातिरों की बातों में आ गईं।
आरोप है कि युवकों ने महिला से कहा कि किसी अनिष्ट से बचने के लिए वह अपने कान के बाले और नकदी हाथ में निकालकर रखें। महिला ने उनकी बातों पर भरोसा कर अपने आभूषण और रुपये निकाल दिए। इसके बाद आरोपियों ने उन्हें आंखें बंद कर कुछ कदम आगे बढ़ने के लिए कहा।
महिला जब कुछ देर बाद पीछे मुड़ीं तो तीनों युवक वहां से गायब थे। उनके साथ कान के बाले और नकदी भी गायब थी। तब उन्हें एहसास हुआ कि वह ठगी का शिकार हो चुकी हैं। घटना के बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत की।
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि संदिग्धों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें पकड़ने का प्रयास किया जाएगा।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सड़क पर अजनबियों की बातों में न आएं और किसी भी तरह के चमत्कार, डर या धार्मिक झांसे में आकर अपने कीमती सामान किसी को न सौंपें। ऐसी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें। हाल के दिनों में धार्मिक आस्था, चमत्कार या डर दिखाकर लोगों को ठगने की घटनाएं सामने आती रही हैं। ऐसे मामलों में अपराधी लोगों की भावनाओं का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम देते हैं। पुलिस ने लोगों को जागरूक और सतर्क रहने की सलाह दी है।
Location : Kanpur
Published : 18 June 2026, 8:09 PM IST