हिंदी
बैंक ऑफ बड़ौदा में वैकेंसी (Img- Pinterest)
New Delhi: अगर आप बैंकिंग सेक्टर में एक सम्मानजनक और सुरक्षित करियर की तलाश कर रहे हैं, तो बैंक ऑफ बड़ौदा (BOB) आपके लिए एक शानदार मौका लेकर आया है। बैंक ने स्पेशलिस्ट ऑफिसर (SO) के कुल 206 पदों पर सीधी भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है।
डिजिटल बैंकिंग, इंफॉर्मेशन सिक्योरिटी, डाटा मैनेजमेंट, कॉरपोरेट अकाउंट्स और फैसिलिटी मैनेजमेंट जैसे प्रमुख विभागों में नियमित आधार पर ये नियुक्तियां की जाएंगी। बैंकिंग उम्मीदवारों के लिए यह एक ऐसा अवसर है, जिसे गंवाना भारी पड़ सकता है।
इस भर्ती अभियान के तहत मैनेजर, सीनियर मैनेजर, चीफ मैनेजर, टेक्निकल ऑफिसर, प्रोडक्ट मैनेजर, डेटा साइंटिस्ट, इंफॉर्मेशन सिक्योरिटी ऑफिसर और सिक्योरिटी मैनेजर जैसे महत्वपूर्ण पदों को भरा जाएगा।
बैंक द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार, ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 6 अगस्त 2026 से शुरू हो चुकी है। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार बैंक की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर 26 अगस्त 2026 तक अपना फॉर्म जमा कर सकते हैं।
शैक्षणिक योग्यता, कार्य अनुभव और आयु सीमा हर पद के हिसाब से अलग-अलग तय की गई है। आयु सीमा की गणना 1 अगस्त 2026 को आधार मानकर की जाएगी। शुल्क की बात करें तो सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस श्रेणी के अभ्यर्थियों को 850 रुपये (प्लस पेमेंट गेटवे चार्ज) जमा करना होगा।
वहीं, एससी, एसटी, दिव्यांग, पूर्व सैनिक और महिला उम्मीदवारों को मात्र 175 रुपये (प्लस पेमेंट गेटवे चार्ज) का भुगतान करना होगा। फीस केवल ऑनलाइन मोड में ही स्वीकार की जाएगी।
प्राप्त आवेदनों की स्क्रीनिंग के बाद यदि आवश्यक हुआ तो बैंक ऑनलाइन लिखित परीक्षा का आयोजन करेगा। इसके बाद साइकोमेट्रिक टेस्ट, ग्रुप डिस्कशन (GD) और पर्सनल इंटरव्यू आयोजित किए जा सकते हैं।
लिखित परीक्षा होने की स्थिति में कुल 150 प्रश्न (225 अंक) पूछे जाएंगे, जिन्हें हल करने के लिए 150 मिनट का समय मिलेगा। इसमें रीजनिंग, इंग्लिश, क्वांटिटेटिव एप्टीट्यूड और प्रोफेशनल नॉलेज से जुड़े सवाल होंगे। ध्यान रहे, हर गलत उत्तर पर 0.25 अंकों की नेगेटिव मार्किंग भी होगी।
सफलतापूर्वक चयनित होने वाले अधिकारियों को बैंक के नियमों के अनुसार सर्विस बॉन्ड निष्पादित करना होगा। जूनियर मैनेजमेंट ग्रेड स्केल-1 के अधिकारियों को कम से कम 3 साल तक बैंक में सेवा देनी अनिवार्य होगी। यदि कोई अधिकारी तय समयसीमा से पहले नौकरी छोड़ता है, तो उसे बैंक के नियमानुसार जुर्माना भरना पड़ेगा। मिडिल और सीनियर मैनेजमेंट ग्रेड के अधिकारियों के लिए भी सर्विस बॉन्ड की शर्तें अलग से लागू रहेंगी।
Location : New Delhi
Published : 7 August 2026, 4:06 PM IST
Topics : Bank Exams Bank Jobs bank of baroda Job Alert