हिंदी
विनीत मिनोचा मर्डर केस में बढ़ा सस्पेंस
Kanpur: दवा कारोबारी विनीत मिनोचा हत्याकांड की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, मामले में नए दावे सामने आ रहे हैं। पुलिस साजिश के आरोप में विनीत की बहू शालू और हत्या में शामिल दो आरोपितों को जेल भेज चुकी है। अब शालू के मायके पक्ष ने सामने आकर उस पर लगाए गए आरोपों को गलत बताया है।
लखनऊ निवासी शालू के भाई धीरज अरोड़ा और बहन सोनिया ने अधिवक्ता के चेंबर में बातचीत के दौरान अपनी बहन का पक्ष रखा, दोनों ने कहा कि शालू के स्वभाव को देखते हुए वे उस पर हत्या की साजिश में शामिल होने की बात स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं, उनका कहना था कि शालू बेहद भावुक है और किसी जीव को नुकसान पहुंचाने तक से डरती है।
परिजनों ने ससुर विनीत मिनोचा के साथ शालू के रिश्ते को लेकर भी अपना पक्ष रखा उनका दावा है कि दोनों के बीच किसी बड़े विवाद की जानकारी शालू ने कभी उन्हें नहीं दी। भाई-बहन के मुताबिक शालू खुद फोन पर अपने ससुर के साथ अच्छे संबंध होने की बात बताती थी। ससुर द्वारा शालू को आर्थिक मदद किए जाने का भी उन्होंने दावा किया।
शालू के भाई-बहन ने बताया कि जेल में मुलाकात के दौरान शालू लगातार रो रही थी, उसने खुद को निर्दोष बताते हुए कहा कि उसने कुछ नहीं किया। इस दौरान वह अपने बेटे श्रीजय को याद कर भावुक होती रही थी। परिजनों के मुताबिक शालू ने यह भी कहा कि उसके पति सुब्रत अभी तक उससे मिलने जेल नहीं आए हैं, जिसके बाद शालू के मायके वालों ने कहा कि उन्हें सामने आना चाहिए था।
एक गलती और खाते से गायब हो गए करीब 6 लाख! कानपुर देहात पुलिस ने लौटाई पूरी रकम
हालांकि, शालू के मायके वालों ने पुलिस जांच पर सवाल उठाने के बजाय कहा कि उन्हें जांच एजेंसी पर भरोसा है और सच्चाई जांच पूरी होने के बाद सामने आएगी वहीं पुलिस शालू के पति सुब्रत की भूमिका समेत मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है। ऐसे में आने वाले दिनों में जांच से और क्या तथ्य सामने आते हैं, इस पर सभी की नजर है।
Location : Kanpur
Published : 11 September 2026, 3:10 AM IST