हिंदी
दो लिपिक निलंबित
कानपुर: संभागीय परिवहन कार्यालय (RTO) में भ्रष्टाचार और दलाली सिस्टम के खिलाफ बड़ी कार्रवाई हुई है। आरटीओ में सक्रिय दलालों के गठजोड़ और अनियमितताओं के मामले में एफआईआर में नामजद दोनों लिपिकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
निलंबित किए गए कर्मचारियों में एआरटीओ प्रशासन के वरिष्ठ सहायक विपिन कुमार श्रीवास्तव और एआरटीओ प्रवर्तन के प्रधान सहायक मधुर मिश्रा शामिल हैं। दोनों के निलंबन का आदेश अपर परिवहन आयुक्त (प्रशासन) चित्रलेखा सिंह ने जारी किया है।
आरटीओ कार्यालय में दलालों की सक्रियता को लेकर सामने आई शिकायतों के बाद जिलाधिकारी के निर्देश पर सोमवार को संयुक्त छापेमारी की गई थी।
इस कार्रवाई को ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/एसडीएम सदर अनुभव सिंह और एडीसीपी ऑपरेशंस सुमित सुधाकर रामटेके की टीम ने अंजाम दिया था। छापेमारी के दौरान आरटीओ कार्यालय में दलालों की मौजूदगी और कथित अवैध गतिविधियों की पुष्टि हुई थी।
इसके बाद जांच रिपोर्ट शासन को भेजी गई थी।
छापेमारी के बाद पुलिस ने आरटीओ में सक्रिय 13 दलालों और दोनों लिपिकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। यह मुकदमा काकादेव थाने में सर्वोदयनगर पुलिस चौकी प्रभारी डालचंद्र की तहरीर पर दर्ज किया गया था।
हालांकि, दोनों लिपिकों की अभी गिरफ्तारी नहीं हुई है। वहीं, छापेमारी के दिन पकड़े गए 11 दलालों को पुलिस ने बाद में जमानत पर छोड़ दिया था।
दोनों लिपिकों के निलंबन के बाद आरटीओ कार्यालय में तैनात अन्य कर्मचारियों और दलालों के बीच हड़कंप मच गया है। विभाग अब कार्यालय में चल रहे कथित दलाली नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रहा है।
Location : kanpur
Published : 28 August 2026, 3:51 PM IST
Topics : Bipin Srivastava Suspended Kanpur RTO Corruption Case RTO Agents Nexus RTO Raid Kanpur Uttar Pradesh Transport Department
No related posts found.